देश

बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, सीएम नीतीश कुमार और नितिन नबीन पर नजरें, पांचवीं सीट पर फंसा पेंच

चार सीटों पर एनडीए के पक्ष में पर्याप्त संख्या और पांचवीं सीट पर मामूली अंतर को देखते हुए, विपक्ष ने आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारकर चुनाव कराने की मजबूरी पैदा कर दी।

Image

बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग

Photo : PTI

Rajya Sabha polls in Bihar-बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए आज मतदान होगा। द्विवार्षिक चुनाव में सत्ताधारी एनडीए के पांच और विपक्षी आरजेडी का एक उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन एनडीए के उम्मीदवारों में शामिल हैं। सत्ताधारी गठबंधन के अन्य तीन उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा (दोनों राज्यसभा के मौजूदा सदस्य) और भाजपा के शिवेश कुमार हैं, जो पहली बार संसद के उच्च सदन में सीट पाने की कोशिश कर रहे हैं। वोटिंग सुबह 9 बजे शुरू हो गई है।

चार सीटों पर एनडीए के पक्ष में संख्या

चार सीटों पर एनडीए के पक्ष में पर्याप्त संख्या और पांचवीं सीट पर मामूली अंतर को देखते हुए, विपक्ष ने आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारकर चुनाव कराने की मजबूरी पैदा कर दी। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिहार विधानसभा परिसर के अंदर बने मतदान केंद्र पर होगा, जहां विधायक भी अपना वोट डालेंगे। मतगणना शाम 5 बजे के बाद शुरू होगी और परिणाम आज ही घोषित होने की उम्मीद है।

एक अधिकारी ने बताया कि राज्य प्रशासन ने सुचारू चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है। एनडीए का लक्ष्य सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करना है, लेकिन इसके लिए उसे विपक्ष के तीन विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है।

आरजेडी ने इकलौते उम्मीदवार के लिए लगाया जोर

वहीं दूसरी ओर, आरजेडी के नेतृत्व वाला महागठबंधन अपने इकलौते उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है, जो दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के समर्थन पर पूरा भरोसा है, जिसके पांच विधायक हैं।

एआईएमआईएम ने रविवार को घोषणा की कि उसके सभी पांच विधायक राज्यसभा चुनाव में आरजेडी के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।

महागठबंधन ने अपने विधायकों को प्रतिद्वंद्वी दलों द्वारा संभावित पाला तोड़ने से रोकने के लिए राज्य की राजधानी के एक होटल में ठहराया।

हालांकि, एनडीए ने रविवार को राज्य की राजधानी में मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के आवासों पर अपने विधायकों के साथ बैठकें आयोजित कीं।

एनडीए के पास विधानसभा में भारी बहुमत

एनडीए के पास विधानसभा में भारी बहुमत है, हालांकि 243 सदस्यीय सदन में उसकी 202 सीटें राज्यसभा की सभी पांच सीटें जीतने के लिए आवश्यक संख्या से तीन कम हैं। राज्यसभा सीट जीतने के लिए बिहार विधानसभा में कम से कम 41 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article