देश

पहली बार में ही दिल्ली की बाजी मार गए कमल हासन! निर्विरोध पहुंचेंगे राज्यसभा, पहले हार गए थे विधायकी

कमल हासन, डीएमके के सहयोग से राज्यसभा जा रहे हैं। कमल हासन की पार्टी के पास एक भी विधायक नहीं है, लेकिन लोकसभा चुनाव में हुए गठबंधन के आधार पर डीएमके हासन को राज्यसभा भेज रही है।

Image

कमल हसन का निर्विरोध जीतना तय (फोटो- DMK)

भारतीय सुपरस्टार कमल हासन पहली ही बार में दिल्ली की बाजी जीतते दिख रहे हैं। कमल हासन का राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनाव जीतना तय है। इससे पहले कमल हासल विधायक का चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। पिछले लोकसभा चुनाव में कमल हसन की पार्टी मक्कल नीधि मैयम ने लोकसभा में डीएमके कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था, जिसके तहत कमल हसन को ये राज्यसभा सीट मिली है।

कमल हासन का निर्विरोध जीतना तय

अभिनेता-नेता कमल हासन और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के तीन प्रत्याशियों समेत पांच अन्य के नामांकन पत्र मंगलवार को स्वीकार कर लिये जाने के साथ ही राज्यसभा के लिए उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। विधानसभा सचिवालय के निर्वाचन अधिकारी/अतिरिक्त सचिव के कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मक्कल नीति मय्यम (एमएनएम) के संस्थापक हासन, द्रमुक के पी विल्सन, एस आर शिवलिंगम और राजथी तथा आईएस इनबादुरई और एम धनपाल (दोनों अन्नाद्रमुक) के नामांकन पत्र मंगलवार को जांच के लिए लिए गए। विज्ञप्ति में कहा गया है कि जांच के बाद उन्हें स्वीकृत घोषित कर दिया गया है। सात निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कर दिए गए।

सभी के निर्विरोध जीतना तय

इन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकार होने के साथ ही अब उनका राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना जाना तय है। विल्सन लगातार एक कार्यकाल के लिए राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि हासन की उच्च सदन में यह पहली पारी होगी। द्रमुक की सहयोगी एमडीएमके के शीर्ष नेता वाइको और पीएमके के अंबुमणि रामदास समेत तमिलनाडु के छह राज्यसभा सदस्य 24 जुलाई, 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। निर्वाचन आयोग ने पिछले महीने तमिलनाडु से उच्च सदन के लिए चुनाव की घोषणा की थी।

2021 में कमल हासन हार गए थे विधानसभा चुनाव

हासन ने कोयंबटूर दक्षिण सीट से 2021 का विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गये थे । भाजपा महिला मोर्चा की प्रमुख वनथी श्रीनिवासन ने उन्हें हराया था। हासन पिछले साल द्रमुक के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल हुए थे। द्रमुक के सहयोगी के रूप में, हासन के नेतृत्व वाली एमएनएम को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच बनी सहमति के अनुसार राज्यसभा की एक सीट आवंटित की गयी। हासन ने पिछले साल के संसदीय चुनाव में द्रमुक गठबंधन के लिए प्रचार किया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article