एक्टर से नेता बने कमल हासन अब राज्यसभा जाने की तैयारी है। मक्कल नीधि मैयम पार्टी के अध्यक्ष कमल हासन, डीएमके के कंधे पर सवार होकर राज्यसभा पहुंचने जा रहे हैं क्योंकि कमल हासन की पार्टी के पास एक भी विधायक नहीं है। कमल हासन की पार्टी ने लोकसभा में डीएमके के साथ गठबंधन किया था, जिसके बदले ये राज्यसभा सीट मिली है।
19 जून को होगा चुनाव
मक्कल निधि मय्यम के अध्यक्ष और शीर्ष अभिनेता कमल हासन ने शुक्रवार को तमिलनाडु से राज्यसभा के लिए 19 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। हासन ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और अपनी पार्टी के नेताओं की मौजूदगी में यहां सचिवालय में अधिकारियों के समक्ष नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए और उन्हें प्रस्तुत किया।
अन्य सीटों के लिए भी नामांकन
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी के नेतृत्व में विपक्ष के मुख्य उम्मीदवार आई एस इनबादुरई (अधिवक्ता प्रकोष्ठ के सचिव) और एम धनपाल (पूर्व विधायक) ने निर्वाचन अधिकारी को अपने दस्तावेज सौंपे। द्रमुक के सलेम के नेता एसआर शिवलिंगम, वरिष्ठ अधिवक्ता पी विल्सन तथा कवयित्री-लेखिका एवं पार्टी पदाधिकारी रुकय्या मलिक उर्फ कविनगर सलमा ने सुब्रमण्यम को अपने नामांकन पत्र सौंपे। विल्सन उच्च सदन में द्रमुक के वर्तमान सदस्य हैं और पार्टी द्वारा पुनः नामित किए गए हैं।
