Mahesh Joshi Arrested: राजस्थान में कथित 900 करोड़ रुपये के जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले (Rajasthan JJM Scam) को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को पूर्व मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi) को जयपुर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीबी की विशेष जांच टीम (SIT) ने सुबह के समय की। जानकारी के मुताबिक, महेश जोशी के घर पर सैन कॉलोनी इलाके में टीम पहुंची और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लेकर एसीबी मुख्यालय ले जाया गया।
इस मामले में एसीबी लंबे समय से जांच कर रही थी। अधिकारियों का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत ठेके देने और टेंडर प्रक्रिया में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं। महेश जोशी पहले भी इस मामले में जांच एजेंसियों के निशाने पर रह चुके हैं। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किया था। करीब सात महीने जेल में रहने के बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, जल जीवन मिशन परियोजना में फर्जी दस्तावेजों और गलत अनुभव प्रमाणपत्रों के जरिए करोड़ों रुपये के ठेके मंजूर किए गए। आरोप है कि कुछ कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों में बदलाव और हेरफेर भी किया गया। उस समय महेश जोशी राज्य के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के मंत्री थे।
एसीबी और ईडी दोनों इस मामले की अलग-अलग जांच कर रही हैं। जांच में कई अधिकारियों, इंजीनियरों और ठेकेदारों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एसीबी के पास महेश जोशी के खिलाफ पर्याप्त दस्तावेज और सबूत मौजूद हैं, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। इस कार्रवाई के बाद राजस्थान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। जल जीवन मिशन घोटाले को राज्य के सबसे बड़े कथित भ्रष्टाचार मामलों में गिना जा रहा है।
