देश

राहुल गांधी होंगे 2024 में विपक्ष के PM पद का चेहरा- कमलनाथ का दावा, तारीफों के बांधे पुल

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 30, 2022, 09:38 PM IST

राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं, जो फिलहाल दिल्ली में आराम कर रही है। इसके बाद यह यात्रा यूपी के लिए निकल जाएगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी को हर जगह समर्थन मिलता दिख रहा है, हालांकि ये समर्थन वोटों में कितना तब्दील होता है ये तो चुनाव के समय ही पता चलेगा।

Image

2024 के लोकभा चुनाव में राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार

Photo : Twitter

कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दावा किया है कि राहुल गांधी 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की तरफ से पीएम पद के उम्मीदवार होंगे। इस दौरान वो राहुल गांधी के तारीफों के पुल भी बांधते दिखे।

क्या कहा कांग्रेस नेता ने

कमलनाथ ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल जो काम कर रहे हैं, उससे जनता स्वयं सिंहासन पर बैठा देगी। राहुल गांधी राजनीति के लिए नहीं बल्कि देश के लिए यात्रा निकाल रहे हैं।पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू में कमलनाथ ने राहुल गांधी की सराहना करते हुए कहा कि वह सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश के आम लोगों के लिए राजनीति कर रहे हैं।उन्होंने कहा- "जहां तक 2024 के लोकसभा चुनाव का सवाल है, राहुल गांधी न सिर्फ विपक्ष का चेहरा होंगे, बल्कि उसके प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार भी होंगे।"

बांधे तारीफों के पुल

कमलनाथ ने आगे कहा कि दुनिया के इतिहास में किसी ने भी इतनी लंबी पदयात्रा नहीं की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि गांधी परिवार के अलावा किसी अन्य परिवार ने देश के लिए इतनी कुर्बानियां नहीं दी हैं।

भारत जोड़ो यात्रा पर राहुल

बता दें कि राहुल गांधी इन भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस दौरान वो विपक्ष को भी एकजुट करते दिखे हैं। दक्षिण भारत में यात्रा के दौरान उन्हें इस मामले में सफलता तो मिलती दिखी थी, लेकिन अब उत्तरप्रदेश जैसे राज्य में क्या होता है, ये देखना होगा, क्योंकि लोकसभा की सबसे ज्यादा सीटें यहीं से आती हैं। राहुल गांधी ने यह यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू की थी। जिसके बाद यह केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंच चुकी है। यहां से यह यात्रा यूपी की ओर निकलेगी, जिसके बाद हरियाणा, पंजाब होते हुए कश्मीर को जाएगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article