देश

महिला दिवस से पहले BJP पर कांग्रेस का कटाक्ष, राहुल बोले- 'डबल इंजन' सरकारों में महिलाओं के साथ हो रहा 'डबल अन्याय'

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2024, 09:35 PM IST

Political News: कांग्रेस ने दावा किया है कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकारों में महिलाओं के साथ 'डबल अन्याय' हो रहा है। कानपुर में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के बाद दो लड़कियों के आत्महत्या कर लेने के सप्ताह भर बाद उनमें से एक के पिता ने यहां खुदकुशी कर ली। इस मुद्दे पर राहुल ने मोदी सरकार को घेरा है।

Image

राहुल गांधी ने 'डबल इंजन' की सरकार पर साधा निशाना।

Photo : Times Now Digital

Congress Slams BJP: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कथित दुष्कर्म की हालिया घटनाओं को लेकर बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और दावा किया कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकारों में महिलाओं के साथ ‘डबल अन्याय’ हो रहा है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकारों में न्याय की मांग करना गुनाह है।

कांग्रेस ने भाजपा पर उस वक्त निशाना साधा जब कानपुर में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के बाद दो लड़कियों के आत्महत्या कर लेने के सप्ताह भर बाद उनमें से एक के पिता ने यहां खुदकुशी कर ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पहले कांग्रेस की महिला इकाई ने ऐलान किया कि वह दुष्कर्म पीड़िताओं के लिए न्याय की मांग करते हुए शुक्रवार से देश के हर जिले में ‘नारी न्याय पदयात्रा’ निकालेगी।

'डबल इंजन' सरकारों में हो रहा 'डबल अन्याय'

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा, 'महिला दिवस पर जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं से मिलें तो उन्हें पीड़िताओं और परिवारों से भी मिलना चाहिए और यह विश्वास दिलाना चाहिए कि उनके साथ त्वरित न्याय होगा और दोषियों को सजा दी जाएगी।' राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, 'नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकारों में हो रहे ‘डबल अन्याय’ को इन दो घटनाओं से समझिए! उत्तर प्रदेश में दो बहनों ने अपने साथ हुए दुष्कर्म के बाद फांसी लगा ली, अब न्याय न मिलने और मुकदमा वापस लेने के दबाव पर उनके पिता को भी फांसी लगानी पड़ी।'

उन्होंने कहा, 'मध्य प्रदेश में एक महिला की इज्जत सरेबाज़ार तार-तार हुई। गरीब पति ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई न होने से निराश होकर वह अपने दोनों बच्चों के साथ फांसी पर झूल गया।' उन्होंने दावा किया कि ‘डबल इंजन सरकार’ में न्याय मांगना गुनाह है। राहुल गांधी के मुताबिक, 'मित्र मीडिया द्वारा बड़ी मेहनत से गढ़ी गई झूठी छवि की रक्षा के लिए पीड़ित ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों तक से दुश्मन जैसा व्यवहार भाजपा शासित राज्यों में परंपरा बन चुकी है।'

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में हाथरस से लेकर उन्नाव और मंदसौर से लेकर पौड़ी तक महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचार के बाद उनके परिवारों को न्याय के लिए तरसाया गया। राहुल गांधी ने कहा, 'इस भयंकर अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाइए, वरना आज नहीं तो कल इस अत्याचार की आग आप तक भी पहुंचेगी।'

प्रियंका गांधी बोलीं- महिलाओं के साथ हुआ अत्याचार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'कानपुर में सामूहिक बलात्कार की पीड़ित दो नाबालिग बच्चियों ने आत्महत्या कर ली। अब उन बच्चियों के पिता ने भी आत्महत्या कर ली है। आरोप है कि पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था।' उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश में पीड़ित बच्चियां-महिलाएं अगर न्याय मांगती हैं तो उनके परिवारों को बर्बाद कर देना नियम बन चुका है। उन्नाव, हाथरस से लेकर कानपुर तक- जहां भी महिलाओं के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार बर्बाद कर दिए गए।'

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि इस 'जंगलराज' में महिला होना मात्र अपराध हो गया है, जहां कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है।

प्रियंका गांधी ने सवाल किया, 'आखिर प्रदेश की करोड़ों महिलाएं क्या करें, कहां जाएं?'

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article