Congress Political Crisis: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं संग 'संगठन सृजन अभियान' के तहत बैठक की। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राहुल गांधी की आगवानी की।
इस दौरान राहुल गांधी ने 'संगठन सृजन अभियान' के तहत नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों और प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। कांग्रेस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी और कहा कि हमारा लक्ष्य संगठन को हर मोर्चे पर सशक्त कर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। कांग्रेस मजबूत होगी तो देश मजबूत होगा।
बैठक में कौन-कौन हुआ शामिल
इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष उदय भान, बीरेंद्र सिंह, महासचिव कुमारी सैलजा, वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सूरजेवाला, अजय सिंह यादव, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और अशोक तंवर शामिल हुए।
जिला स्तरीय संगठन का होगा गठन
पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जब पार्टी हरियाणा में अपना पूर्ण संगठनात्मक ढांचा तैयार कर लेगी तो यह पार्टी को और मजबूती देगा। पिछले 11 वर्षों से हरियाणा में कांग्रेस का जिला स्तरीय संगठन नहीं है। पार्टी पिछले लगभग एक दशक से हरियाणा में सत्ता से भी बाहर है। कांग्रेस ने हरियाणा में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को किया संबोधित
कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने कहा कि पार्टी ने साल 2025 को राज्य में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया है। इसकी शुरुआत गुजरात से हुई। फिर हरियाणा और मध्य प्रदेश पायलट राज्य बने... संगठन बनने के बाद हरियाणा की सड़कों पर एक मजबूत कांग्रेस दिखाई देगी, जो किसानों और गरीब मजदूरों के हर वर्ग की आवाज उठाएगी। फिर हम पूरे देश में कांग्रेस को फिर से स्थापित करेंगे।
अंतर्कलह कब होगी समाप्त?
लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव गंवाने वाली कांग्रेस में अंतर्कलह खुलकर सामने आई और नेता एक-दूसरे पर हार का ठीकरा फोड़ते हुए दिखाई दिए, लेकिन अंतर्कलह को समाप्त करने का जिम्मा राहुल गांधी ने संभाला ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके।
दीपेंद्र हुड्डा ने क्या कुछ कहा
कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के हरियाणा के नेताओं के मन में एक बात रहती थी कि संगठन बनना चाहिए और विस्तार होना चाहिए। मुझे लगता है कि आज होने वाली बैठक में उसके लिए सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में हरियाणा के अंदर कांग्रेस संगठन का विस्तार होगा।
