Rahul Gandhi Convoy Accident: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर जिले में किलोमीटर मार्कर 89.5 के पास राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई है। राहुल गांधी आज सुल्तानपुर जा रहे हैं, जहां उनकी कोर्ट में पेशी है।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में चल रहे काफिले में अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। इस टक्कर के चलते वाहनों को नुकसान पहुंचा है और प्राथमिक जानकारियों के मुताबिक 1 से 2 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। राहुल गांधी सेफ हैं और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
सुरक्षाबल और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हलियापुर थाना पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुए यातायात को बहाल कराया। राहत की बात यह है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
राहुल गांधी पर आना है फैसला
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुल्तानपुर की दीवानी न्यायालय स्थित विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश होने पहुंच रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में आज अदालत का फैसला आना है। यह मामला वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान अमित शाह को लेकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणी से जुड़ा है। इस मामले में सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दाखिल किया था।
