देश

विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए राहुल गांधी गढ़ रहे हैं 'भारत विरोधी' विमर्श, बीजेपी ने बोला हमला, कांग्रेस ने भी किया पलटवार

संबित पात्रा ने कहा, 2014 से ही कांग्रेस खासकर राहुल गांधी, उनकी सोशल मीडिया और सलाहकार टीम और वामपंथी दलों के जाने-माने चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

Image

संबित पात्रा का राहुल गांधी पर बड़ा आरोप (ANI)

BJP Allegations On Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, सिंगापुर और अन्य देशों में स्थित सोशल मीडिया अकाउंट राहुल गांधी और वामपंथी पारिस्थितिकी तंत्र के इशारे पर भारत विरोधी माहौल बना रहे हैं। भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा का 'एक्स' अकाउंट भी अमेरिका में स्थित है। भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने विभिन्न एक्स अकाउंट दिखाए, जिनके बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि वे विदेश से बनाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के 'वोट चोरी' के आरोपों सहित विभिन्न मुद्दों पर चुनाव आयोग, भाजपा-आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया अभियान का प्रदर्शन किया।

संबित पात्रा ने कहा, 2014 से ही कांग्रेस खासकर राहुल गांधी, उनकी सोशल मीडिया और सलाहकार टीम और वामपंथी दलों के जाने-माने चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए उन्होंने विदेशी ताकतों की मदद लेने से भी परहेज नहीं किया। उन्होंने कांग्रेस पर पाकिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया, सिंगापुर और अमेरिका समेत कई देशों में एक्स पर अपने अकाउंट बनाने का भी आरोप लगाया ताकि भारत में भाजपा-आरएसएस और मोदी सरकार के खिलाफ एक विमर्श गढ़ा जा सके।

एक्स का नया फीचर आने से हुआ खुलासा

पात्रा ने कहा, यह बात तब सामने आई है जब कुछ दिन पहले एक्स ने एक नया फीचर पेश किया है जिसके जरिए खाताधारकों की लोकेशन, खाता बनाने की तारीख व अन्य जानकारियां मिल सकती हैं। इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि इस फीचर का इस्तेमाल करने के बाद, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का एक्स अकाउंट अमेरिका में पाया गया।

कांग्रेस के कई एक्स अकाउंट देश के बाहर - पात्रा

उन्होंने कहा, महाराष्ट्र कांग्रेस का एक्स अकाउंट आयरलैंड में स्थित है। अब उन्होंने इसे भारत में बदल दिया है। लेकिन जब यह अकाउंट बनाया गया था, तब यह आयरलैंड में स्थित था। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का अकाउंट थाईलैंड एंड्रॉइड ऐप के जरिए जुड़ा है, हालांकि यह भारत में स्थित है। भाजपा नेता ने कहा कि नए एक्स फीचर के आने के बाद कांग्रेस और वामपंथी पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े कई एक्स अकाउंटों के लोकेशन की जानकारी या तो भारत में बदल दी गई है या उसे छिपा दिया गया है।

कांग्रेस का पलटवार-, ‘स्टार्टअप इंडिया’ के अकाउंट आयरलैंड से क्यों संचालित हो रहे हैं?

वहीं, कांग्रेस ने भी इसे लेकर बीजेपी पर पलटवार किया। कुछ एक्स अकाउंट के लोकेशन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के हमले पर पलटवार करते हुए पार्टी ने कहा कि सत्तारूढ़ दल मूर्खतापूर्ण दलीलें देकर असल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है। पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि यदि भाजपा की दलील ठीक है तो उसे बताना चाहिए कि उसकी गुजरात इकाई और ‘स्टार्टअप इंडिया’ के अकाउंट आयरलैंड से क्यों संचालित हो रहे हैं?

सुप्रिया ने भाजपा पर पलटवार करते हुए संवाददाताओं से कहा, एक्स ने एक नया प्रोडक्ट शुरू किया है, जिसमें अकाउंट के लोकेशन की जानकारी मिलती है। हालांकि एक्स ने कहा है कि लोकेशन, यात्रा या किसी तकनीकी दिक्कत से बदल सकता है। ये डेटा सही नहीं हो सकता है। लेकिन इस पर भाजपा ने संवाददाता सम्मेलन करके कहा कि कांग्रेस के समर्थकों के कई हैंडल विदेश से चल रहे हैं और यह देश के खिलाफ साजिश है। ऐसे में मैं इन्हें बताना चाहती हूं कि भाजपा या नरेंद्र मोदी राष्ट्र नहीं हैं। भाजपा को मूर्खता नहीं दिखानी चाहिए।

सुप्रिया ने कहा, अगर बात हैंडल्स की है तो भाजपा जवाब दे कि गुजरात भाजपा, स्टार्टअप इंडिया का एक्स अकाउंट आयरलैंड से क्यों चल रहा है? डीडी न्यूज और श्री श्री रविशंकर का अकाउंट अमेरिका से क्यों चल रहा है? भाजपा के कई सारे समर्थकों के हैंडल मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण अमेरिका से क्यों चल रहे हैं? उन्होंने कहा कि यह महामूर्खता की दलीलें हैं और असल मुद्दों से भटकाने का प्रयास है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

RSS के खिलाफ कोई मामला नहीं किया गया है दर्ज, बोले कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे, बीजेपी ने जमकर सुनाया

RSS के खिलाफ कोई मामला नहीं किया गया है दर्ज, बोले कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे, बीजेपी ने जमकर सुनाया

खराब गुणवत्ता बनी रोड़ा...कांदा एक्सप्रेस में प्याज लोडिंग की रफ्तार सुस्त, दिल्ली रवानगी पर अनिश्चितता का साया

खराब गुणवत्ता बनी रोड़ा...कांदा एक्सप्रेस में प्याज लोडिंग की रफ्तार सुस्त, दिल्ली रवानगी पर अनिश्चितता का साया

किचन में कॉकरोच, एक्सपायरी खाना और गंदगी... एयरोसिटी के दो बड़े होटलों में क्या-क्या मिला? FSSAI की जांच में खुलासे

किचन में कॉकरोच, एक्सपायरी खाना और गंदगी... एयरोसिटी के दो बड़े होटलों में क्या-क्या मिला? FSSAI की जांच में खुलासे

आज की ताजा खबर, 26 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: भारत ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, पन्नू बोले- मेरी जान को खतरा, FBI ने बताया...गुरुग्राम में बारिश के लिए बने नए नियम

आज की ताजा खबर, 26 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: भारत ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, पन्नू बोले- मेरी जान को खतरा, FBI ने बताया...गुरुग्राम में बारिश के लिए बने नए नियम

भारत कोई 'धर्मशाला' नहीं है...अमित शाह ने घुसपैठियों से देश को खतरे को लेकर किया आगाह

भारत कोई 'धर्मशाला' नहीं है...अमित शाह ने घुसपैठियों से देश को खतरे को लेकर किया आगाह