LIVE

आज की ताजा खबर, 26 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: भारत ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, पन्नू बोले- मेरी जान को खतरा, FBI ने बताया...गुरुग्राम में बारिश के लिए बने नए नियम

आज की ताजा खबर लाइव,26 अगस्त 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [प्रमुख सिख अलगाववादी पन्नू], [गुरुग्राम बारिश], [तेलंगाना सड़क हादसा] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: तेलंगाना के सूर्यापेट में सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई है। कम से कम 12 अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि बस की टक्कर से पहले ट्रक के सड़क पर बने डिवाइडर से टकराने की आशंका है। इसके अलावा, भारत ने कहा कि महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर काम करना चाहिए। वहीं, प्रमुख सिख अलगाववादी पन्नू ने बताया कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने बताया कि एफबीआई ने उन्हें जान को नए खतरे की दी चेतावनी दी है। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य खबरें

Nitin AroraUpdated Aug 26, 2026, 20:12 IST
Follow on Google News
आज की ताजा खबर, 26 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: भारत ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, पन्नू बोले- मेरी जान को खतरा, FBI ने बताया...गुरुग्राम में बारिश के लिए बने नए नियम

आज की ताजा खबर, 26 अगस्त 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: भारत ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा, पन्नू बोले- मेरी जान को खतरा, FBI ने बताया...गुरुग्राम में बारिश के लिए बने नए नियम

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [प्रमुख सिख अलगाववादी पन्नू], [गुरुग्राम बारिश], [तेलंगाना सड़क हादसा] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: बैंड-एड सॉल्यूशन से गुरुग्राम में जलभराव की समस्या हल नहीं होगी, BJP MP ने गड़बड़ी के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराया। साथ ही एक खबर ये है कि गुरुग्राम में बारिश के लिए नियम बन गए हैं कि पानी भरे रास्तों पर बसें नहीं चलेंगी, अगर कोई सुरक्षित रास्ता नहीं है, तो बच्चे स्कूल में ही रहेंगे। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने बताया कि 5 सितंबर को इंडिया गेट पर CJP के विरोध प्रदर्शन के लिए अभी तक कोई अनुरोध नहीं मिला है। पुलिस ने कहा कि जगह बदलने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' के तहत ईरान के साथ व्यापार को लेकर अमेरिका ने 4 भारतीय कंपनियों और 3 नागरिकों पर प्रतिबंध लगाए। वहीं, ट्रंप के टैक्स लगाने के बाद कनाडा ने अमेरिकी सामानों पर 15-50% टैरिफ लगाकर अमेरिका को जवाब दिया। कहा- 'झुकेंगे नहीं'। पढ़ें- देश और दुनिया की अन्य सभी बड़ी खबरें

AUG 26, 2026 20:12 IST

नेपाल में फंसे यूपी के लोगों के लिए सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, मदद के लिए 1070 पर करें संपर्क

उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि नेपाल में बाढ़ या वहां हुई त्रासदी के कारण यदि उत्तर प्रदेश का कोई नागरिक फंसा हुआ है या उसे किसी भी तरह की सहायता की जरूरत है, तो उसके परिवारजन तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करें।
AUG 26, 2026 20:10 IST

'बिहार में हर साल आती है बाढ़, सरकार नहीं करती जरूरी तैयारी', दानापुर में जलभराव पर बोलीं RJD सांसद मीसा भारती

RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ की समस्या आती है, लेकिन सरकार को जिस तरह की तैयारी करनी चाहिए, वह नहीं करती। उन्होंने कहा कि दानापुर में काफी पानी जमा हो गया है और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर आ गए हैं।
AUG 26, 2026 16:41 IST

बिहार में बाढ़ के खतरे को लेकर अलर्ट, बेतिया-गोपालगंज-मुजफ्फरपुर में NDRF की अतिरिक्त टीमें तैनात

बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने ANI को फोन पर बताया कि संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए पूरी आपदा प्रबंधन टीम हाई अलर्ट पर है। बाढ़ की आशंका वाले जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। बेतिया, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में NDRF की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में SDRF की टीमें पहले से ही मौजूद हैं।
AUG 26, 2026 16:24 IST

दिल्ली में बारिश के बीच विट्ठल भाई पटेल हाउस में गिरा पेड़, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त

दिल्ली में बुधवार को बारिश के दौरान विट्ठल भाई पटेल हाउस परिसर में एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ का तना और शाखाएं सड़क के एक हिस्से पर जा गिरीं, जिससे वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कई वाहनों के शीशे टूट गए और उनकी छतें भी दब गईं। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
AUG 26, 2026 12:15 IST

जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान

नीतीश कुमार ओर ललन सिंह से अनंत सिंह की मुलाकात पर कहा मुख्यमंत्री अगर नीतीश कुमार नहीं है तो उनसे मिलने में क्या परहेज है मिलने क्यों नहीं जाया जा सकता है ललन सिंह से भी मुलाकात में कोई विशेष बात नहीं हुई है। पटना में छात्रों के प्रदर्शन में पुलिस की लाठी चार्ज पर अनंत सिंह ने एतराज जताते हुए कहा छात्रों की मांग जो भी हो उसे पूरा सरकार करें या ना करें मगर जिस तरह से पुलिस उन्हें पीटी है वह गलत है छात्रों की मांग सुन जो फैसला करना है सरकार करें मगर करने का नियम किसी को नहीं है।
AUG 26, 2026 10:52 IST

आरएसएस के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं : कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ सांप्रदायिक दंगों या अन्य अपराधों का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
खरगे ने यह बयान विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाडी नारायणस्वामी के सवाल के लिखित जवाब में दिया। नारायणस्वामी ने आरएसएस के खिलाफ दर्ज मामलों, सांप्रदायिक दंगों में उसकी संलिप्तता और उसके पथसंचलन तथा दैनिक शाखाओं के दौरान सामने आई किसी भी अप्रिय घटना का ब्योरा मांगा था।

खरगे ने कहा, "कोई मामला दर्ज नहीं है।" आरएसएस के मुखर आलोचक खरगे को घेरने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके इस जवाब को मुद्दा बना लिया। खरगे संगठन की कानूनी स्थिति से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। खरगे ने भी इस मामले को लेकर विपक्ष पर पलटवार किया है।

नारायणस्वामी ने खरगे के लिखित जवाब को ’एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, "दस्तावेज खुद सच्चाई बयां कर रहे हैं: आरएसएस के खिलाफ गृह मंत्री की राजनीतिक दुश्मनी उजागर हो गई है!"
AUG 26, 2026 10:51 IST

महाराष्ट्र के नांदेड़ में बच्ची से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाली पांच साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार को सोनखेड़ थाना क्षेत्र में हुई और 30 साल के आरोपी को मंगलवार को पास के परभणी जिले से पकड़ा गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि लड़की घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी उसे चॉकलेट का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब आधे घंटे बाद लड़की रोते हुए घर लौटी, जिसके बाद इस अपराध का पता चला।
AUG 26, 2026 10:50 IST

उप्र से शराब बिहार ले जाने के आरोप में ट्रेन का कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गरीब नवाज़ एक्सप्रेस के एक कोच अटेंडेंट को उत्तर प्रदेश से बिहार शराब ले जाने और उसे अधिक दामों पर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जीआरपी के बलिया थाने के प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार राम (28) को मंगलवार को बलिया रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान गिरफ़्तार किया गया। वह बिहार के भागलपुर ज़िले के कुमदपुर गांव का रहने वाला है।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने उसके बैग से शराब की दो दर्जन से अधिक बोतलें बरामद कीं।
AUG 26, 2026 10:49 IST

जर्मनी को हराकर पांचवें स्थान के साथ विश्व कप से विदा लेने उतरेगी भारतीय महिला हॉकी टीम

पूरे टूर्नामेट में सिर्फ एक मैच हारने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाने के गम को भुलाकर बृहस्पतिवार को यहां अपने से ऊंची रैंकिंग वाली जर्मनी को हराते हुए विश्व कप में पांचवें स्थान के साथ विदा लेने के इरादे से उतरेगी और मैच का नतीजा चाहे जो हो, यह पिछले 52 साल में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा ।


इस साल शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय महिला टीम ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है । आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे पूल चरण का आखिरी मैच अगर गोलरहित ड्रॉ नहीं रहता तो भारतीय टीम सेमीफाइनल खेल रही होती । तीन दिन के ब्रेक ने उस हार की मायूसी को भुलाने में मदद की होगी और अब पांचवीं रैंकिंग वाली दो बार की चैम्पियन जर्मन टीम की कठिन चुनौती का सामना करना है जो विश्व कप से पहले दो अभ्यास मैचों में उसे हरा चुकी है ।

इससे पहले हुए 15 विश्व कप में से आठ ही खेल सकी भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1974 में फ्रांस में ही पहले टूर्नामेंट में रहा था जब अजिंदर कौर की कप्तानी में टीम चौथे स्थान पर रही थी । एम्सटेलवीन और स्पेन के टेरेसा में खेले गए विश्व कप में भारतीय टीम नौवें स्थान पर रही थी ।
AUG 26, 2026 10:45 IST

मणिपुर: वसूली और अपहरण में शामिल पांच उग्रवादी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी हिरासत में

मणिपुर में इंफाल घाटी के जिलों में जबरन वसूली, धमकी और अपहरण की वारदातों में कथित रूप से शामिल पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (यूपीपीके) से जुड़े इन उग्रवादियों को मंगलवार को बिष्णुपुर, इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों के एक बयान के अनुसार, पकड़े गए उग्रवादियों में से एक की पहचान 51 वर्षीय पी. कोइरेंग सिंह के रूप में हुई है। उसे इंफाल पश्चिम जिले के कोइरेंगई फॉरेस्ट गेट से गिरफ्तार किया गया। वह राज्य के वन विभाग में ’माली’ के पद पर कार्यरत है।

बयान में कहा गया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से यूपीपीके के कुल 23 लेटरहेड बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उग्रवादियों ने अपहरण, जबरन वसूली और धमकी देने की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की।
AUG 26, 2026 10:44 IST

बांदा में बरसाती नाले में डूबने से तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव में मंगलवार शाम एक बरसाती नाले में डूबने से दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी बुधवार को दी।

बबेरू क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्णकांत त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि मरका थाना क्षेत्र के गुजेनी गांव में मंगलवार शाम बरसाती नाला पार करते समय डूबने से दो महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई, जिनकी पहचान कुसुमरानी (30), सिया (50) और युवक कोमल (27) के रूप में हुई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तीनों शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।

सीओ ने बताया कि हादसे की सूचना राजस्व अधिकारियों को दे दी गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा राहत कोष से सरकारी आर्थिक मदद मिल सके।
AUG 26, 2026 10:43 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने ओणम पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ओणम के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह फसल उत्सव खुशियों, एकजुटता और समृद्धि की भावना को आगे बढ़ाता है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’आप सभी को शानदार ओणम की शुभकामनाएं। यह एक जीवंत त्योहार है, जिसे दुनियाभर में बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।"

उन्होंने कहा, ’’यह त्योहार खुशियों, एकजुटता और समृद्धि की भावना को और मजबूत करे।’’ ओणम मुख्य रूप से केरल में हर वर्ष मनाया जाने वाला प्रमुख फसल उत्सव है।
AUG 26, 2026 10:43 IST

प्रधानमंत्री ने मिलाद-उन-नबी के मौके पर लोगों को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मिलाद-उन-नबी के मौके पर लोगों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि यह त्योहार हर ओर एकजुटता और उल्लास बढ़ाएगा।

पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन को मिलाद-उन-नबी के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने ’एक्स’ पर लिखा, ’’ईद मुबारक। मिलाद-उन-नबी पर मुबारकवाद। मुझे उम्मीद है कि यह पर्व हमारे चारों ओर एकजुटता और उल्लास बढ़ाएगा। दया और समाज को लौटाने की भावना हमेशा हमें राह दिखाती रहे।’’
AUG 26, 2026 10:42 IST

तमिलनाडु : इरोड में हिरण को मारने के आरोप में चार शिकारी गिरफ्तार

तमिलनाडु के इरोड जिले के सत्यमंगलम बाघ अभयारण्य में कथित तौर पर हिरण का शिकार कर उसे मारने के आरोप में वन अधिकारियों ने चार शिकारियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम सत्यमंगलम बाघ अभयारण्य के कदंबूर वन क्षेत्र में गुथियालाथुर इलाके में गश्त कर रहे वनकर्मियों के एक दल ने चार लोगों को जंगल की सड़क पर बोरी लेकर जाते हुए देखा। उनकी पहचान मदेश (41), रंगन (41), सदयप्पन (31) और कारी (68) के रूप में हुई।

वन अधिकारियों ने उन्हें रोककर बोरी की तलाशी ली तो उसमें हिरण के कटे हुए मांस के टुकड़े और शिकार में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री मिली। पूछताछ के दौरान चारों ने जंगल में हिरण का शिकार कर उसे मारने की बात कबूल कर ली।
AUG 26, 2026 10:41 IST

तिरुवोनम पर घर-घर छाई ओणम की रौनक

केरल में बुधवार को हर कहीं ओणम की रौनक दिखाई दी और लोग 10 दिवसीय इस उत्सव के समापन और सबसे महत्वपूर्ण दिन तिरुवोनम को पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं।
इस मौके पर अलग-अलग जगहों पर रहने वाले परिवार के सदस्य घर लौटे और कई पीढ़ियां एक साथ जुटकर खुशियां साझा करती नजर आईं।

बच्चों की फूलों की रंगोली के बीच खिलखिलाहट से लेकर विदेशों में रहने वाले परिजनों की घर वापसी तक, केरल में ओणम का उल्लास नजर आया।

कई परिवारों के लिए यह केवल पारंपरिक भोजन और नए कपड़े पहनने का त्योहार नहीं, बल्कि लंबे समय से प्रतीक्षित घर वापसी का अवसर भी था। बेटे-बेटियां और पोते-पोतियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लौटकर परिवार के साथ ओणम की खास सद्या (पारंपरिक भोज) में शामिल हुए।
AUG 26, 2026 09:11 IST

तेलंगाना के सूर्यापेट में सड़क हादसे में छह लोगों की मौत

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक निजी बस के ट्रक से टकराने से बस में सवार छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 12 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे कोडाड मंडल के पास हुआ। प्रारंभिक जांच के अनुसार, निजी बस में 42 यात्री सवार थे और यह बस हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। इसी दौरान बस ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया, ’’हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई। कम से कम 12 अन्य घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’

पुलिस ने बताया कि बस की टक्कर से पहले ट्रक के सड़क पर बने डिवाइडर से टकराने की आशंका है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
AUG 26, 2026 09:10 IST

महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मिलकर काम करना चाहिए : भारत

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सामूहिक रूप से सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया और कहा कि सुरक्षित व सुचारु समुद्री व्यापार मार्ग खाद्य पदार्थों, उर्वरकों और ईंधन की निर्बाध आवाजाही के लिए बेहद जरूरी हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने कहा, ’’खाद्य असुरक्षा सशस्त्र संघर्षों के सबसे गंभीर मानवीय परिणामों में से एक है। आज के संघर्षों का असर उस इलाके से कहीं दूर तक पड़ता है, जहां वास्तव में युद्ध या संघर्ष चल रहा होता है।’’

पर्वतनेनी ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ’फूड अंडर फायर: वैश्विक और स्थानीय खाद्य संकटों को कम करने में सुरक्षा परिषद की भूमिका’ शीर्षक वाली आम चर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊर्जा बाजारों, उर्वरक आपूर्ति, समुद्री परिवहन, मानवीय सहायता और कृषि व्यापार में व्यवधान ने दिखाया है कि क्षेत्रीय संघर्ष किस तरह पूरी दुनिया की खाद्य सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। इसका सबसे अधिक असर उन विकासशील देशों पर पड़ता है, जो खाद्य और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लिए आयात पर काफी निर्भर हैं।

भारत ने जोर देकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ’’तत्काल प्राथमिकता’’ संघर्षों के मानवीय प्रभावों को कम करना होनी चाहिए। इसके लिए सुरक्षित, तेज और बिना किसी बाधा के मानवीय सहायता पहुंच सुनिश्चित करना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सुरक्षा परिषद के अपने उपाय, जिनमें प्रतिबंध व्यवस्था भी शामिल है, अनजाने में मानवीय सहायता या वैध खाद्य एवं कृषि व्यापार में बाधा न बनें।
AUG 26, 2026 09:10 IST

एफबीआई ने जान को नए खतरे की दी चेतावनी: प्रमुख सिख अलगाववादी पन्नू

प्रमुख सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) और ’रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ (आरसीएमपी) ने उसकी जान को खतरा होने की जानकारी दी है।

पन्नू को यह चेतावनी ऐसे समय में मिली है जब भारत के एक नागरिक को उसके खिलाफ 2023 में हत्या की साजिश रचने के मामले में इस वर्ष के अंत में सजा सुनाई जानी है।

’सिख्स फॉर जस्टिस’ के कानूनी मामलों के प्रमुख पन्नू ने कहा कि पिछले बृहस्पतिवार को एफबीआई के अधिकारी उससे मिलने आए थे और उन्होंने उसे सलाह दी कि जब तक खतरा टल नहीं जाता, तब तक वह यात्रा न करे और अगर वह यात्रा करता है तो उसे अपनी यात्रा की योजना के बारे में एफबीआई को पहले बताना चाहिए।

उसने कहा कि मंगलवार को ’रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ ने भी उसे फोन पर चेतावनी दी। हालांकि, दोनों कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उस साजिश के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जिसका उन्हें पता चला है। दोनों एजेंसियों से इस संबंध में जानकारी मांगने के लिए संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।