How to Pursue BA in South Korea: K-Pop, के-ड्रामा और कोरियाई संस्कृति का विश्व में प्रभाव बढ़ता जा रहा है। तेजी से बढ़ते इसी वैश्विक प्रभाव के कारण आज भारत के युवाओं में दक्षिण कोरिया (South Korea) जाकर पढ़ाई करने का क्रेज भी तेजी से बढ़ रहा है। अपने वर्ल्ड क्लास एजुकेशन सिस्टम, आधुनिक टेक्नोलॉजी, सुरक्षित माहौल और बेहतरीन बुनियादी ढांचे के लिए प्रसिद्ध साउथ कोरिया के विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बन चुके हैं। ऐसे में अगर आपको भी ग्रेजुएशन की शिक्षा प्राप्त करनी है और आप कोरिया जाकर पढ़ना चाहते हैं तो आपका यह फैसला आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकता है। लेकिन आपके लिए यह भी जानना जरूरी है कि साउथ कोरिया के विश्वविद्यालयों में बीए मे दाखिले के लिए एलिजिबिलिटी क्या है? यहां भारतीय छात्रों के लिए पढ़ाई को लेकर क्या नियम है? फीस लगभग कितनी हो सकती है आदि।
दक्षिण कोरिया में बीए में एडमिशन के लिए एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया
साउथ कोरिया में कई प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी हैं, जिसमें आप बीए कोर्स में दाखिला ले सकते हैं। एडमिशन के लिए एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया इस प्रकार है -
- उम्मीदवार को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड (जैसे CBSE, ICSE या राज्य बोर्ड) से कक्षा 12वीं पास होना अनिवार्य है।
- कोरिया में पढ़ाई के लिए उम्मीदवार के 12वीं में कम से कम न्यूनतम 60% से 70% अंकों होना आवश्यक है।
- कोरिया से बीए करने के लिए उम्मीदवार को कोरियाई भाषा का आना भी जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Germany में पढ़ने के लिए भारतीय छात्रों को मिलती है यह स्कॉलरशिप, जानें क्या है एलिजिबिलिटी और अन्य डिटेल्स
लैंग्वेज प्रोफेशियंसी को लेकर क्या है नियम
उम्मीदवारों को बता दें कि यहां कोरियाई भाषा के साथ कुछ विषयों की शिक्षा पूरी तरह से अंग्रेजी भाषा में भी होती है। यह आपके द्वारा चयनित कोर्स पर निर्भर करता है।
कोरियाई माध्यम में बीए की पढ़ाई - यदि आपका कोर्स कोरियाई भाषा में है, तो आपको TOPIK (Test of Proficiency in Korean) परीक्षा में कम से कम Level 3 या Level 4 प्राप्त करना होगा। तभी आप उस विषय को पढ़ने में एलिजिबल हैं।
अंग्रेजी माध्यम में बीए की पढ़ाई - यदि आप पूरी तरह से अंग्रेजी में पढ़ाए जाने वाले प्रोग्राम का चयन करते हैं, तो आपको अंग्रेजी भाषा परीक्षा जैसे IELTS या TOEFL का स्कोर जमा करना होगा। TOEFL में iBT 71-80 और IELTS में न्यूनतम 5.5 से 6.0 बैंड होना अनिवार्य है।
कोरिया की यूनिवर्सिटी में एडमिशन
कोरियाई विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष को दो मुख्य इंटेक में विभाजित किया गया है। इसमें पहला है मार्च यानी स्प्रिंग इंटेक और दूसरा है सितंबर यानी ऑटम इंटेक। बता दें कि उम्मीदवार को कोरिया में पढ़ाई के लिए अपने पसंद के विषय में वहां के विश्वविद्यालयों में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना है। भारतीय छात्रों को बता दें कि वह विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या साउथ कोरिया सरकार की वेबसाइट Study in Korea पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसमें उन्हें आवश्यक सारे डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने हैं और अपनी सारी शैक्षणिक और आवश्यक पर्सनल जानकारी दर्ज करनी है। बता दें कि कुछ संस्थानों में इंटरव्यू का नियम है तो वह आपके लिए ऑनलाइन इंटरव्यू का आयोजन करेंगे।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
- 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व सर्टिफिकेट (नोटोराइज्ड किए हुए)
- पासपोर्ट की स्कैन कॉपी
- स्टेटमेंट ऑफ पर्पस (SOP) और स्टडी प्लान
- रिकमेंडेशन लेटर (LOR) (आपके स्कूल शिक्षक/प्रिंसिपल द्वारा)
- TOPIK या IELTS/TOEFL का स्कोर कार्ड
- बैंक बैलेंस सर्टिफिकेट
बैंक बैलेंस सर्टिफिकेट क्यों है जरूरी
कोरिया विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए सभी विदेशी छात्रों को बैंक बैलेंस सर्टिफिकेट सबमिट करना होता है। जिसमें छात्र या अभिभावक के बैंक खाते में कम से कम 16 से 17 लाख रुपये होने चाहिए। यह केवल वित्तीय गारंटी दिखाने के लिए होता है।
कोरिया में पढ़ने के लिए वीजा
उम्मीदवारों को बता दें कि कोरिया जाकर पढ़ाई करने के लिए आपको स्टडी वीजा की भी आवश्यकता होगी। साउथ कोरिया की यूनिवर्सिटी में चयन होने के बाद आपको यूनिवर्सिटी एडमिशन ऑफर लेटर (Standard Admission Letter) भेजेगी, जिसके आधार पर आप भारत में कोरियाई दूतावास से D-2 Student Visa के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पढ़ाई और रहने की फीस
| पब्लिक यूनिवर्सिटीज | लगभग 1.6 लाख से 3.8 लाख रुपये प्रति सेमेस्टर |
| प्राइवेट यूनिवर्सिटीज | लगभग 2.5 लाख से 5.8 लाख रुपये प्रति सेमेस्टर |
बता दें कि हर विषय और यूनिवर्सिटी के अनुसार फीस अलग-अलग हो सकती है। कोर्स की फीस की सटीक जानकारी के लिए संबंधित संस्थान की वेबसाइट चेक करें, जहां आप एडमिशन लेना चाहते हैं। साथ ही बता दें कि यहां बीए कोर्स करीब 4 साल है, जिसमें 8 सेमेस्टर होते हैं। इसके अलावा अगर रहने के खर्च के बारे में बात करें तो सेओल जैसे मुख्य शहरों में हॉस्टल/अपार्टमेंट का किराया, खाना और ट्रांसपोर्ट मिलाकर प्रति माह लगभग 40,000 से 80,000 रुपये का खर्च आ सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - France में भारतीय छात्रों के लिए क्या हैं Visa Rule? जानिए पढ़ाई और जॉब से जुड़े हर सवाल का जवाब
जीकेएस स्कॉलरशिप के अवसर
कोरियाई सरकार और विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्रों को कई आकर्षक छात्रवृत्तियां प्रदान करते हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप (Global Korea Scholarship - GKS)। इस स्कॉलरशिप के तहत ट्यूशन फीस पूरी तरह माफ कर दी जाती है, साथ ही आने-जाने का हवाई टिकट, मंथली स्टाइपेंड और 1 साल के लिए मुफ्त कोरियाई भाषा सीखने की सुविधा भी मिलती है। इतना ही नहीं, इसके साथ ही यदि आपके 12वीं में अच्छे अंक हैं या TOPIK में उच्च स्कोर (Level 4+) है, तो यूनिवर्सिटीज आपको 30% से 100% तक ट्यूशन फीस में छूट भी देती हैं। पढ़ाई के साथ छात्रों को हफ्ते में 20 घंटे पार्ट-टाइम काम करने की अनुमति भी मिलती है।
