Vijay CM Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक नया अध्याय शुरू हो गया, जब सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए भव्य समारोह में कई बड़े नेता मौजूद रहे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। शपथ ग्रहण से पहले राहुल गांधी और विजय को साथ बैठकर बातचीत करते देखा गया। समारोह शुरू होने से पहले विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) का स्वागत किया।
'जनता के लिए, जनता के साथ मिलकर काम करने का समय'
इस मौके पर हजारों समर्थकों की भीड़ मौजूद रही और पूरे स्टेडियम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कन्याकुमारी से कांग्रेस सांसद विजय वसंत (Vijay Vasanth) ने भी विजय के मुख्यमंत्री बनने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi Vijay meeting) और विजय को टैग करते हुए लिखा, “जनता के लिए, जनता के साथ मिलकर काम करने का समय।” तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति को पूरी तरह बदल दिया।
TVK ने 234 में से 108 सीटों पर जीतीं
विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 234 में से 108 सीटों पर जीत हासिल की। यह पहली बार हुआ जब तमिलनाडु की पारंपरिक द्रविड़ पार्टियां सत्ता से बाहर हो गईं। हालांकि TVK को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला, लेकिन बाद में कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल जैसे दलों ने विजय को समर्थन दिया। इसके बाद सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।
विजय को लोग “थलापति” के नाम से जानते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी रैलियों में भारी भीड़ उमड़ी, जिसकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री और अभिनेता एम. जी. रामचंद्रन (M. G. Ramachandran) से की गई। तमिलनाडु में फिल्मी सितारों का राजनीति में आने का लंबा इतिहास रहा है और विजय को उसी परंपरा की नई कड़ी माना जा रहा है। विजय ने 2024 में TVK पार्टी बनाई थी। राजनीति में आने से पहले वह सामाजिक कार्यों और अपनी फिल्मों के जरिए भ्रष्टाचार, नशे और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाते रहे हैं। 2026 के चुनाव में उन्होंने पेरंबूर और तिरुची ईस्ट सीट से जीत दर्ज की और अब एक सीट छोड़ेंगे।
