देश

'पंजाब में पूर्ण बहुमत से बनाएंगे सरकार', भूपेश बघेल का दावा, बरनाला में चन्नी और राजा वड़िंग समर्थकों में हुई जमकर नारेबाजी

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने राज्य में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया है। हालांकि, बरनाला में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाज़ी खुलकर सामने आ गई। पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई।

Image

बरनाला में भूपेश बघेल के सामने लगे मुर्दाबाद के नारे (फोटो: X/@INCPunjab)

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने राज्य में पार्टी की वापसी का मजबूत दावा किया है। बरनाला में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और कांग्रेस पंजाब में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

हालांकि, भूपेश बघेल के इस दावे के बीच पार्टी के भीतर चल रही गुटबाज़ी एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गई। मौका था बरनाला में आयोजित 'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम का। इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के समर्थक आमने-सामने आ गए।

भूपेश बघेल के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

एक तरफ जहां कार्यक्रम के अंदर चन्नी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई, वहीं दूसरी तरफ आयोजन स्थल के बाहर कुछ कार्यकर्ताओं ने पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के खिलाफ ही 'मुर्दाबाद' के नारे लगा दिए। इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि पार्टी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। नारेबाजी करने वालों की पहचान की जा रही है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर उचित कानूनी व संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब कांग्रेस का पुराना विवाद

पंजाब कांग्रेस में यह विवाद नया नहीं है। जब से आलाकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया है, तब से पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक नेता नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। इस अंदरूनी खींचतान को सुलझाने के लिए बघेल ने हाल ही में चंडीगढ़ में छह दिनों तक वरिष्ठ नेताओं और नाराज धड़े के साथ मैराथन बैठकें की थीं।

सूत्रों के मुताबिक, बघेल ने अपनी रिपोर्ट आलाकमान को सौंप दी है, जिसमें बताया गया है कि राज्य के 29 में से 25 जिलाध्यक्ष और 7 में से 4 सांसद राजा वड़िंग के साथ खड़े हैं। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी, भाजपा और अकाली दल पूरी ताकत से चुनाव प्रचार में जुट गए हैं, वहीं कांग्रेस के लिए चुनाव से पहले अपनी इस अंदरूनी कलह पर काबू पाना सबसे बड़ी चुनौती साबित हो रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article