Punjab News: पंजाब की भगवंत मान (Bhagwant Mann) सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। राज्य के सरकारी कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट (Diwali Gift) देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया कि राज्य में पुरानी पेंशन (Old Pension Scheme) व्यवस्था बहाल की जाएगी। राज्य मंत्रिमंडल ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इस साल एक अक्टूबर से छह प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) देने का फैसला किया गया है। बयान में कहा गया है कि कर्मचारियों को पुरानी या मौजूदा पेंशन योजना अपनाने का विकल्प दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री का ट्वीट
मुख्यमंत्री मान ने फैसले के बाद ट्वीट करते हुए कहा, 'आज पंजाब कैबिनेट की बैठक में अपने कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है...हमारी सरकार पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने जा रही है...कैबिनेट ने इस फैसले को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है.. हम अपने कर्मचारियों के साथ खड़े हैं...हम जो कहते हैं, वह करते हैं..' सीएम ने कहा कि इससे लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा।
चुनाव से पहले चला दांव
आम आदमी की सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब गुजरात औऱ हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी यहां वादा कर रही है कि यदि वह सत्ता में आती है तो पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा। साल 2004 में बंद कर दी गई पुरानी पेंशन योजना की बहाली कई राज्य सरकार के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में से एक रही है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल होने का विकल्प दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने कर्मचारियों के लाभ के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
