देश

मानसा में एक्टिविस्ट हत्याकांड के बाद बवाल, गुरुवार को 'पंजाब बंद' का ऐलान; आरोपी के दुकान-मकान पर चला बुलडोजर

Mansa Murder Case: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंद सिंह झोटा की हत्या के आरोपी के खिलाफ सड़कों पर रोष नजर आया।

Image

आरोपी के दुकान-मकान पर चला बुलडोजर

Photo : PTI

Mansa Murder Case: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंद सिंह झोटा की हत्या के आरोपी के खिलाफ सड़कों पर रोष नजर आया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। वहीं, प्रशासन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया। मानसा के मौजूदा हालातों को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वीर नगर की एक गली में स्थित आरोपी अश्विनी कुमार के आवास के सामने वाले हिस्से को बुलडोजर से गिराया गया। पुलिस के मुताबिक, परिसर में कथित अवैध निर्माण की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा, घर से करीब 700 मीटर दूर स्थित मेडिकल शॉप पर भी बुलडोजर कार्रवाई हुई। इस दौरान, गुस्साई भीड़ ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और आरोपी के खिलाफ नारेबाजी भी की।

पंजाब में बंद का ऐलान

मानसा हत्याकांड के बाद गुरुवार को पंजाब बंद का ऐलान किया गया है। कई किसान संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है।

परविंदर सिंह झोटा की गोलीमार हत्या

कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा एक व्यक्ति को कुछ दवाएं बेचने को लेकर मेडिकल स्टोर संचालक से सवाल कर रहे थे। इस दौरान वह अपने मोबाइल फोन से बहस की रिकॉर्डिंग भी कर रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वीडियो में परविंदर सिंह झोटा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और गोली चला दी। यह घटना वीडियो में रिकॉर्ड हो गई।

परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से किया इनकार

हत्या के बाद मानसा में तनाव का पसरा हुआ है। परविंदर सिंह झोटा के समर्थकों ने आरोपी की मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ की, जबकि परिजनों ने विरोध जताते हुए पार्थिक शरीर का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इस घटना की विपक्षी नेताओं ने भी कड़ी निंदा की है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article