देश

लोकसभा में कांग्रेस के साथ नहीं दिखेगी DMK! परिसीमन बिल पर चर्चा से पहले बदली बैठने की व्यवस्था

Delimitation Bill: लोकसभा में डीएमके के सांसद अब कांग्रेस से अलग बैठेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डीएमके के 22 सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था के अनुरोध को मंजूरी दे दी है।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और डीएमके सांसद कनिमोझी (फाइल फोटो)

Delimitation Bill: लोकसभा में डीएमके के सांसद अब कांग्रेस से अलग बैठेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डीएमके के 22 सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था के अनुरोध को मंजूरी दे दी है। तमिलनाडु में दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बढ़ने के बाद यह बदलाव देखने को मिला है।

परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधनों पर लोकसभा में चर्चा से पहले, बिरला ने सदन में डीएमके सदस्यों के अलग बैठने की सहमति दी। डीएमके द्वारा महिला कोटा से संबंधित संशोधित विधेयक को अपना समर्थन देने की घोषणा किये जाने के दिन लोकसभा अध्यक्ष ने सदन में पार्टी सदस्यों के अलग बैठने की सहमति दी।

समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, घटनाक्रम से अवगत सूत्रों ने बताया कि लोकसभा में अब डीएमके के 22 सदस्यों के लिए बैठने की अलग व्यवस्था की गई है। मई में, जब कांग्रेस ने तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के साथ हाथ मिलाया और सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नयी तमिलनाडु सरकार का हिस्सा बन गई, तो डीएमके ने कांग्रेस से अपने रिश्ते तोड़ लिए। कांग्रेस से अलग होने के बाद, डीएमके सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया था कि सदन में उनके बैठने की अलग व्यवस्था की जाए।

परिसीमन बिल का समर्थन करेगी DMK

इस बीच, डीएमके सांसद कनिमोझी ने शनिवार की शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान, कनिमोझी के साथ पार्टी के अन्य सांसद भी मौजूद रहे।

समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कनिमोझी ने कहा कि हमने परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि इस विधेयक में डीएमके की वे सभी मांगें शामिल की गई हैं, जिन्हें हमने पिछली बार संसद में चर्चा के दौरान और उससे पहले भी उठाया था। उन्होंने कहा, ''2024 में डीएमके सरकार ने इस संबंध में विधानसभा में प्रस्ताव भी पारित किया था। हमने जो भी मांगें रखी थीं, आज उन्हें इस विधेयक का हिस्सा बना दिया गया है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article