JNU Sexual Harassment Controversy: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के बर्खास्त प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद आंगोमचा बिमोल अकोइजाम को दिल्ली पुलिस ने छात्राओं के यौन उत्पीड़न मामले को लेकर जांच में शामिल होने का नोटिस दिया।
दिल्ली पुलिस के वसंत कुंज नॉर्थ थाने की ओर से बिमोल अकोइजाम को नोटिस जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने बर्खास्त प्रोफेसर के आवास के बाहर नोटिस चस्पा किया और उन्हें जांच में शामिल होने का निर्देश दिया। नोटिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 35(3) के तहत जारी किया गया है।
अकोइजाम से होगी पूछताछ
दिल्ली पुलिस ने प्रोफेसर को मामले की जांच में शामिल होने और गुरुवार को पूछताछ में शामिल होने को कहा है। नोटिस में उन्हें वसंत कुंज नॉर्थ थाने में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को जेएनयू के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की। अधिकारियों के मुताबिक, एफआईआर वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत दर्ज की गई थी।
प्रोफेसर अकोइजाम को JNU से किया गया बर्खास्त
जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत आने वाले 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स' के प्रोफेसर अकोइजम को उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने बैठकों या आयोजनों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि उन्होंने कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां कीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'कायर हमें डरा नहीं सकते...', राहुल गांधी बोले- पूरा भारत सुप्रीम कोर्ट तक करेगा मार्च, हम सब साथ चलेंगे
BJP सांसदों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
इस मामले को लेकर भाजपा की महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 13 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी।
