देश

भूटान दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाई देने की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11-12 नवंबर को दो दिवसीय भूटान दौरे पर जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत-भूटान संबंधों को और मजबूत करना है। मोदी इस दौरान भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करेंगे।

Image

पीएम मोदी जाएंगे भूटान (फाइल फोटो- PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11-12 नवंबर को दो दिवसीय भूटान यात्रा पर जा रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और भूटान के बीच मित्रता और सहयोग के संबंधों को और मजबूत करना है। प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करेंगे तथा दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

भूटान में पीएम मोदी का कार्यक्रम

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राजा वांगचुक भारत-भूटान द्वारा संयुक्त रूप से विकसित 1020 मेगावाट की पुनात्सांगछू-2 जलविद्युत परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना दोनों देशों के ऊर्जा सहयोग में एक बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि मोदी भूटान के पूर्व नरेश जिग्मे सिंग्ये वांगचुक की 70वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में भी शामिल होंगे। मंत्रालय ने कहा, “प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और भूटान के बीच विश्वास, सद्भावना और आपसी सम्मान पर आधारित विशेष संबंधों को और गहराई देगी।”

नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसर

मोदी अपने दौरे में थिम्पू स्थित ताशिछोद्ज़ोंग में भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों के समक्ष प्रार्थना करेंगे और वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव में भाग लेंगे। यह अवशेष भारत से भूटान भेजे गए हैं और दोनों देशों की साझा आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक हैं। भूटान यात्रा के दौरान मोदी और भूटान के शीर्ष नेतृत्व के बीच क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों को साझेदारी को और आगे बढ़ाने तथा नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशने का मौका देगी।

भूटान के साथ रिश्ते मजबूत

भारत और भूटान के बीच हाल के वर्षों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। सितंबर 2025 में भारत ने भूटान के साथ 4,000 करोड़ रुपये की लागत से दो सीमा-पार रेल परियोजनाओं की घोषणा की थी। इस योजना के तहत भूटान के गेलेफू और समत्से शहरों को भारत के असम के कोकराझार और पश्चिम बंगाल के बानरहाट से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देगी, बल्कि दक्षिण एशिया में भारत की रणनीतिक और सांस्कृतिक साझेदारी को भी और मजबूत करेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article