देश

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से कथित रेप-हत्या मामले का मुख्य आरोपी आनंद सरदार गिरफ्तार

बारुईपुर बलात्कार-हत्या (Baruipur Rape Murder) मामले के मुख्य आरोपी की पहचान आनंद सरदार के रूप में हुई है। उसे बारुईपुर जिला पुलिस ने दोपहर के समय एक तलाश अभियान के बाद दक्षिण 24 परगना में बाजार इलाके से पकड़ा।

Image

Baruipur में नाबालिग से कथित रेप-हत्या मामला

पश्चिम बंगाल पुलिस ने बारुईपुर में एक नाबालिग से कथित तौर पर बलात्कार और उसकी हत्या (Baruipur Rape Murder) के मामले में मुख्य आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया जिससे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आनंद सरदार के रूप में हुई है। उसे बारुईपुर जिला पुलिस ने दोपहर के समय एक तलाश अभियान के बाद दक्षिण 24 परगना में बाजार इलाके से पकड़ा।

उन्होंने कहा, 'इस मामले में मुख्य आरोपी सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसी सूचना थी कि वह बारुईपुर बाजार क्षेत्र में है, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या अब तीन हो गई है।'अधिकारी ने बताया कि आरोपी को उसकी मोबाइल फोन टावर लोकेशन के जरिए पकड़ा गया।

एक व्यक्ति को बीती रात गिरफ्तार किया गया था

उन्होंने कहा कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और पूछताछ के लिए वह पुलिस हिरासत में है।अधिकारी के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। एक व्यक्ति को बीती रात गिरफ्तार किया गया था और दूसरे को आज सुबह गिरफ्तार किया गया।

लड़की का शव सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला

अधिकारी ने कहा, 'इनके अलावा हमने तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। हमारे अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। हमें इस अपराध में मुख्य आरोपी की भूमिका के साथ-साथ उसके संभावित ठिकाने के बारे में भी जानकारी मिली।' लड़की का शव सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला।

रविवार को शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस बीच, अपराध को लेकर फैले तनाव के कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात

वहीं, एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हालात काबू में हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।' अधिकारी ने कहा, 'हम लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और प्रशासन का सहयोग करें। शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article