Shaurya Chakra: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मियों को अदम्य साहस और असाधारण वीरता दिखाने के लिए चार मरणोपरांत सहित छह कीर्ति चक्र प्रदान किए। कीर्ति चक्र भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है। सरकार द्वारा साझा किए गए पुरस्कार विजेताओं की सूची के अनुसार, सिख लाइट इन्फैंट्री के कर्नल मनप्रीत सिंह, राष्ट्रीय राइफल्स के दो अन्य सैन्य कर्मियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक अधिकारी को मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान किया गया है।
सात सुरक्षा कर्मियों को मरणोपरांत सहित 33 शौर्य चक्र प्रदान
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह के दौरान सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को सात मरणोपरांत सहित 33 शौर्य चक्र भी प्रदान किए। मराठा लाइट इन्फैंट्री, 56 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर मल्ला राम गोपाल नायडू और पंजाब रेजिमेंट, 22 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर मंजीत को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
राइफलमैन रवि कुमार, जम्मू और कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, 63 राष्ट्रीय राइफल्स; कर्नल मनप्रीत सिंह, सिख लाइट इन्फैंट्री, 19 राष्ट्रीय राइफल्स; नायक दिलवर खान, आर्टिलरी रेजिमेंट, 28 राष्ट्रीय राइफल्स; और जम्मू और कश्मीर पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक हिमायूं मुजम्मिल भट को मरणोपरांत भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रपति भवन ने बाद में अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर समारोह की तस्वीरें भी साझा कीं।
किसे-किसे मिला शौर्य चक्र सम्मान
उप कमांडेंट लखवीर, उप कमांडेंट राजेश पांचाल और कांस्टेबल (जीडी) मलकीत सिंह, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें ड्यूटी के दौरान प्रदर्शित अद्वितीय साहस, निष्ठा और वीरता के लिए प्रदान किया गया। लेफ्टिनेंट कमांडर कपिल यादव, एईओ, आईएनएस विशाखापत्तनम को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें राष्ट्र रक्षा में अद्वितीय साहस और प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया।
मेजर तृप्तप्रीत सिंह, द आर्मी सर्विस कॉर्प्स, 34 राष्ट्रीय राइफल्स को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल सी. वी. एस. निखिल, 21वीं बटालियन, द पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विशेष अभियानों में प्रदर्शित अदम्य साहस, नेतृत्व और वीरता के लिए प्रदान किया गया। मेजर साहिल रंधावा, द आर्टिलरी रेजिमेंट, 34 राष्ट्रीय राइफल्स को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शौर्य, नेतृत्व और अद्वितीय कर्तव्यपरायणता के लिए प्रदान किया गया।
सूबेदार पी. पबिन सिंगा, द आर्टिलरी रेजिमेंट, 56 राष्ट्रीय राइफल्स को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अद्वितीय वीरता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रदान किया गया। कर्नल पवन सिंह, 666 आर्मी एविएशन स्क्वॉड्रन (आर एंड ओ) को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनकी वीरता और निस्वार्थ सेवा के लिए प्रदान किया गया। स्पेशल पुलिस ऑफिसर अब्दुल लतीफ, जम्मू और कश्मीर पुलिस को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उनके साहस और देश सेवा के प्रति समर्पण के लिए दिया गया।
स्क्वॉड्रन लीडर दीपक कुमार (पायलट, भारतीय वायुसेना) को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अद्वितीय साहस, कुशल नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया। विंग कमाडंर वर्निन डेस्मिंड कीन वायु सेना मेडल उड़ान (पायलट, भारतीय वायुसेना) को असाधारण वीरता और साहसिक सैन्य सेवा के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। इंस्पेक्टर (G/D) जेफरी हमिंगचुल्लो, केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल को अदम्य साहस और वीरता के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
