देशवासियों को पीएम मोदी ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं। तस्वीर-PTI
Janmashtami : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन यानी जन्माष्टमी के मौके पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आस्था, आनंद और उमंग का यह पावन-पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। पीएम के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। जन्माष्टमी के इस पर्व को पूरा देश हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मना रहा है।
राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 'श्री जन्माष्टमी के मौके पर मैं देश और दुनिया में रहने वाले सभी भारतवासियों को अपनी शुभकामनाएं देती हूं। यह पर्व सभी में जोश एवं उत्साह लेकर आए। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनका उपदेश स्व-निर्माण एवं आत्मचिंतन के हमें प्रेरित करता है।'
मुर्मू ने कहा कि यह पर्व हमें श्रीकृष्ण द्वारा प्रतिपादित शाश्वत मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, ‘इस अवसर पर हम सभी भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का पालन करने और अपने समाज एवं राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लें।’राष्ट्रपति ने भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा, ‘आनंद और उत्साह से भरे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मैं भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई दी।’
जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और हर तरफ सैन्य छावनी जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस अवसर पर भगवान के जन्माभिषेक के दर्शन करने के लिए यहां आने वाले लाखों भक्तों की सुरक्षा के लिए शहर को चार जोन एवं 18 सेक्टरों में बांटकर पांच हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को तैनात किया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा में जन्माष्टमी समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री कृष्ण जन्मस्थान में पूजा-अर्चना करेंगे और परिसर में एक पौधा भी रोपेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।