देश

टीम इंडिया ने जीता टी20 विश्व कप का खिताब, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी समेत इन राजनेताओं दी भारत के धुरंधरों को बधाइयां

अहमदाबाद की पिच पर टीम इंडिया ने एक बार फिर इतिहास रचा है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया। इस जीत पर पूरे देश में खुशी की लहर है और राजनेताओं समेत हर कोने से खिलाड़ियों को बधाई मिल रही है।

Image

राजनेताओं ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जीत पर बधाई दी

India win T20 World Cup 2026: इस समय हर तरफ बस "इंडिया...इंडिया" की गूंज है और हो भी क्यों न क्योंकि एक बार फिर अहमदाबाद की जमीन पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने इतिहास रचा है। टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर इतिहास रचा है। "हिस्ट्री को डिफीट और रिपीट करने" के नारे के साथ टूर्नामेंट में उतरी टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन का मजबूत स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड को खिताबी जीत के लिए 256 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन वह यह लक्ष्य पूरा नहीं कर सकी और 19 ओवर में सिर्फ 159 रन पर ऑल आउट हो गई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया बतौर मेजबान टी20 विश्व कप जीतने वाली और तीन बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है। ऐसे में देश के हर कोने से टीम इंडिया को बधाइयां और आशीर्वाद मिल रहा है। इसी कड़ी में देश के जाने-माने राजनेताओं ने भी भारत के इन धुरंधरों को शुभकामनाएं दी हैं। तो ऐसे में आइए गौर फरमाएं उन पर.....

Team India Wins T20 World Cup (Photo: BCCI)

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता (फोटो: BCCI)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी टीम इंडिया को बधाइयां

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि, टीम इंडिया को हार्दिक बधाई, जिसने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास के कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भारत के पास यह गर्वपूर्ण उपलब्धि है कि वह अकेला ऐसा देश है जिसने यह ट्रॉफी तीन बार जीती है। यह टीम लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने वाली भी एकमात्र टीम है। यह हमारे क्रिकेट प्रेमी जनता के लिए अपार खुशी और गर्व का कारण है। यह हमारे युवाओं में विविध क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभा का भी प्रमाण है। इस सामूहिक सफलता के लिए हर खिलाड़ी, पूरी टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ अत्यंत सराहनीय हैं। मैं हमारी क्रिकेट टीम को भविष्य में इसी तरह की गौरवमयी सफलता की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लिखा कि, चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह अद्वितीय जीत टीम की शानदार क्षमता, दृढ़ संकल्प और सहयोग को दर्शाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन संघर्ष और हौसला दिखाया। इस सफलता ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया टीम इंडिया को सलाम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा कि, क्या शानदार जीत है…!! विश्व चैम्पियन #TeamIndia को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपकी असाधारण प्रदर्शन और साहसिक खेल ने देश के लिए गौरव और सम्मान लाया है। पूरे टीम को बधाई, जिन्होंने हर भारतीय को गर्व महसूस कराया।

राहुल गांधी ने ऐसे दी बधाइयां

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टीम इंडिया को बधाइयां देते हुए लिखा कि, एक बार फिर चैंपियंस! हमारी 'मेन इन ब्लू' टीम की शानदार जीत पर बधाई, खासतौर पर संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह को, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम इंडिया को अपने घर में ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय खुशी देने के लिए बधाई।

सीएम योगी ने कहा- जयतु भारतम्!

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जयतु भारतम्! आज फिर आसमान 'तिरंगा' हो गया, 145 करोड़ भारत वासियों को हार्दिक बधाई! विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का हृदयतल से अभिनंदन!

नीतीश कुमार हुए टीम इंडिया की जीत से गदगद

नीतीश कुमार ने कहा कि, भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का क्षण है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना से देश का नाम विश्व पटल पर रौशन किया है। टीम इंडिया के कप्तान श्री सूर्य कुमार यादव जी सहित सभी खिलाड़ियों, कोच तथा सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई। विशेष रूप से बिहार के लाल एवं अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्री ईशान किशन जी को भी मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हमें विश्वास है कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करती रहेगी। सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव ने कहा ये

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर लिखा, टीम इंडिया को बधाई! आज टी20 विश्व कप फाइनल में आपकी शानदार जीत ने हमें गर्व महसूस कराया। वहीं, तेजस्वी यादव ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि, टीम इंडिया को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई! शाबाश सूर्यकुमार यादव और पूरी टीम!

मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने इस अंदाज दी बधाइयां

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्विटर पर लिखा- टीम इंडिया को न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई #T20WorldCup फाइनल में। आज 140 करोड़ भारतीय गर्व से भर गए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास और नेतृत्व के साथ टीम का मार्गदर्शन किया। संजू सैमसन फाइनल के रक्षक के रूप में उभरे, जबकि इशान किशन ने बिना किसी शोर के ही हीरो का काम किया। हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह का शानदार योगदान इस ऐतिहासिक जीत की ताकत बना। मैं पूरी टीम के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। वहीं, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि, अपने 70वें जन्मदिन की पूर्वसंध्या पर भारत की शानदार जीत #ICCT20WorldCup2026 का जश्न मना रहा हूं! और लगातार तीसरे मैच में मेरे तिरुवनंतपुरम हीरो संजू सैमसन का अद्भुत प्रदर्शन! भला और क्या चाहिए?

शहरों मे मची भारत के जीतने के बाद धूम

भारत की जीत के बाद मुंबई में लोग खुशी में नाचते और जश्न मनाते नजर आए। वहीं, दिल्ली, रांची, पुणे जम्मू, अहमदाबाद जैसे तमाम शहरों में इस समय जश्न का माहौल है। होली को बीते कुछ ही दिन हुए हैं और रविवार रात को सड़कों पर दिवाली जैसा मंजर देखने को मिल रहा है। इस समय हर जुबान पर बस टीम इंडिया का नाम है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Nilesh DwivedI
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article