देश

'लोक परीक्षा संशोधन अधिनियम 2026' बना कानून, राष्ट्रपति की लगी मुहर; प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली पर कसेगा शिकंजा

Public Examinations Act 2026: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली पर लगाम कसने की तैयारी हो चुकी है। 'लोक परीक्षा संशोधन अधिनियम, 2026' को राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई है। जानिए कड़े प्रावधानों और नए कानून की बड़ी बातें।

Image

पेपर लीक कानून को राष्ट्रपति से मिली मंजूरी (फाइल)

Photo : PTI

'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन अधिनियम, 2026' को भारत के राष्ट्रपति की औपचारिक मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रपति की सहमति मिलते ही यह संशोधन विधेयक अब कानून के रूप में पूरे देश में लागू हो गया है। संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद इसे अंतिम स्वीकृति के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा गया था। यह कानून पूर्व में लागू 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम' का स्थान लेगा और इसमें कई कड़े सुधार शामिल किए गए हैं।

संगठित गिरोहों और कोचिंग संस्थानों पर नकेल

इस नए संशोधित अधिनियम के तहत सार्वजनिक परीक्षाओं में होने वाली धांधली, नकल, तकनीकी सेंधमारी और पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने का लक्ष्य रखा गया है। गड़बड़ी करने वाले संगठित गिरोहों, कोचिंग संस्थानों और परीक्षाओं का आयोजन कराने वाली सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों के लिए कठोर कारावास और भारी आर्थिक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

इस कानून के दायरे में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), कर्मचारी चयन आयोग (SSC), रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) तथा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं शामिल होंगी।

जांच एजेंसियों को मिले विशेष अधिकार

हाल के वर्षों में कई राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं और नीट (NEET) जैसी प्रमुख राष्ट्रीय परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के कारण देश के लाखों अभ्यर्थियों को भारी अनिश्चितता और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा था। नए कानून में किसी भी तरह की डिजिटल या भौतिक रूप से सेंधमारी को रोकने के लिए जांच एजेंसियों को अधिक शक्तियां और अधिकार दिए गए हैं, जिससे दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।

सरकार का मानना है कि इस सख्त कानून के लागू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे देश के करोड़ों युवाओं और अभ्यर्थियों में व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाल होगा। अब भर्ती और प्रवेश परीक्षाएं अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आयोजित की जा सकेंगी, जिससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article