केंद्र सरकार ने प्रख्यात गीतकार,लेखक और संचार विशेषज्ञ प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रसून जोशी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा और नई रचनात्मक आवाज मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रसून जोशी विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा वाले व्यक्तित्व हैं,जिन्हें साहित्य,विज्ञापन,कला और सिनेमा जगत में समान वैश्विक पहचान मिली है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुआ था जन्म
प्रसून जोशी का जन्म उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुआ था। शुरुआती शिक्षा के बाद उन्होंने प्रबंधन और संचार के क्षेत्र में भी पढ़ाई की। प्रसून जोशी ने हिंदी फिल्मों के लिए कई लोकप्रिय और भावनात्मक गीत लिखे हैं। उन्होंने तारे जमीन पर, रंग दे बसंती, भाग मिल्खा भाग, फना, हम तुम और ब्लैक जैसी फिल्मों में गीत लिखे। उनके गीतों में संवेदनशीलता, देशभक्ति और सामाजिक सोच की झलक देखने को मिलती है।
विज्ञापन जगत के दिग्गज
फिल्मों के अलावा प्रसून जोशी विज्ञापन की दुनिया में भी बड़ा नाम हैं। वे मैक्कैन वर्ल्ड ग्रुप इंडिया के सीईओ रह चुके हैं। साल 2017 में उन्हें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का अध्यक्ष बनाया गया था। इस पद पर रहते हुए उन्होंने फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया में संतुलित और आधुनिक दृष्टिकोण अपनाने की कोशिश की।
पुरस्कार और सम्मान
प्रसून जोशी को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें गीत लेखन और रचनात्मक योगदान के लिए फिल्मफेयर समेत कई पुरस्कारों से नवाजा गया है। वे 2016 से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के न्यासियों में से एक हैं।
क्या है प्रसार भारती?
प्रसार भारती भारत का स्वायत्त सार्वजनिक सेवा प्रसारक है,जो प्रसार भारती अधिनियम 1990 के तहत स्थापित हुआ और 1997 से कार्यरत है। इसके अंतर्गत ऑल इंडिया रेडियो (AIR) और दूरदर्शन (DD) आते हैं।
ऑल इंडिया रेडियो देश के सबसे बड़े रेडियो नेटवर्कों में शामिल है, जबकि दूरदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर समाचार, शिक्षा, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रसारित करता है। हाल के वर्षों में प्रसार भारती ने डिजिटल विस्तार के तहत वेव्स OTT प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है।
