Mamata Banerjee Meets Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में तमाम सियासी पार्टियों अभी से अपनी कमर कस ली है। भाजपा ये दावा कर रही है कि अब बंगाल में भी भगवा सरकार बनेगी, हालांकि ममता बनर्जी जरा भी ढ़िलाई बरतने के मूड में नहीं दिख रही हैं। इसी बीच एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के पुरबा मेदिनीपुर जिले के दीघा शहर में नवनिर्मित जगन्नाथ मंदिर में भाजपा नेता दिलीप घोष और उनकी पत्नी से मुलाकात की।
BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से मिलीं ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा नेता दिलीप घोष और उनकी पत्नी से मुलाकात की, जिसकी तस्वीर भी सामने आई है। जिसमें ममता बनर्जी, दिलीप घोष और उनकी पत्नी साथ-साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं, लेकिन ये भी कहा जा रहा है कि ये गैर राजनीतिक मुलाकात है।

दिलीप घोष और उनकी पत्नी से मिली ममता बनर्जी।
ममता और घोष की मुलाकात के सियासी मायने
ममता बनर्जी और दिलीप घोष की ये मुलाकात जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है। राजनीतिक महकमे में इसे लेकर सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है। इस बीच भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और पूर्व सांसद स्वपन दास गुप्ता ने ममता और दिलीप घोष की मुलाकात के बाद तीखा तंज कसा है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि 'पूर्व प्रदेश अध्यक्ष द्वारा किए गए इस स्पष्ट विश्वासघात से बंगाल भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं में आक्रोश इतना तीव्र है कि राष्ट्रीय नेतृत्व इसे नजरअंदाज नहीं कर सकता।'
ममता बनर्जी ने जगन्नाथ मंदिर का किया उद्घाटन
30 अप्रैल को मंदिर का उद्घाटन करने के बाद, ममता बनर्जी ने एक्स को लिखा, 'दीघा में जगन्नाथ मंदिर के उद्घाटन के दौरान मैंने जो भावनाएं महसूस कीं, वे शब्दों से परे हैं। यह पवित्र स्थान हमारी मां, माटी, मानुष का है और इसे HIDCO टीम, स्थानीय निवासियों, कलाकारों, उद्योगपतियों और राज्य भर के भक्तों के सामूहिक प्रयासों से जीवंत किया गया है। गवान जगन्नाथ का यह विनम्र निवास बंगाल की आत्मा को दर्शाता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक गौरवपूर्ण और चिरस्थायी प्रतीक के रूप में खड़ा रहेगा। जय जगन्नाथ!'
सुकांत मजूमदार ने ममता बनर्जी पर किया था प्रहार
इससे पहले 27 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा था कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भगवान जगन्नाथ के 'कंधों पर चढ़कर' आगामी राज्य विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रही हैं। मजूमदार ने यह टिप्पणी उस समय की जब पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी 30 अप्रैल को दीघा जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन करने वाली थीं।
सुकांत मजूमदार ने मीडिया से कहा, 'एक तरफ आप हिंदुओं को मार रहे हैं और दूसरी तरफ आप मंदिर बना रहे हैं। मंदिर या मस्जिद बनाना सरकार का काम नहीं है। अयोध्या राम मंदिर के लिए लोगों ने धन जुटाया था। दीघा में जगन्नाथ मंदिर के लिए लोगों को धन जुटाना चाहिए। राज्य सरकार को इसमें क्यों शामिल होना है? ममता बनर्जी भगवान जगन्नाथ के कंधों पर चढ़कर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही हैं।'
तो क्या बंगाल की सियासत में होने वाला है खेला?
पश्चिम बंगाल में अगले ही साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में ये सवाल उठना लाजमी है कि क्या बंगाल में कोई नया खेला होने वाला है? भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और सीएम ममता बनर्जी की मुलाकात से हलचल तेज हो गई है। हालांकि ये देखना दिलचस्प होगा कि आगे क्या होता है।
