देश

Video: जंतर-मंतर पर जब सोनम वांगचुक को ले जाने लगी पुलिस; चादर से पर्दा करने का वीडियो आया सामने

Delhi Jantar Mantar Video: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जब दिल्ली पुलिस के जवान उठाने आए थे तब की घटना का एक वीडियो CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने साझा किया है।

Sonam Wangchuk Video: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के कारण उन्हें जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया है। इस कार्रवाई के दौरान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर आने के बाद दिल्ली पुलिस और अस्पताल प्रशासन का आधिकारिक बयान भी सामने आ गया है।

मंच पर चादरों से पर्दा करने का वीडियो आया सामने

सोनम वांगचुक को जब दिल्ली पुलिस के जवान धरना स्थल से उठाने आए थे, तब की घटना का एक वीडियो सीजेपी (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वायरल वीडियो में दिल्ली पुलिस के कुछ जवान मंच पर चढ़ते और सोनम वांगचुक के चारों ओर सफेद चादरों से पर्दा करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वहां मौजूद अन्य आंदोलनकारी और छात्र पुलिस की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध दर्ज कराते और नारेबाजी करते दिख रहे हैं। इस दौरान मौके पर हल्की अफरा-तफरी की स्थिति भी बनी।

'कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ' - नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा

इस पूरे घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली पुलिस ने अपनी स्थिति साफ की है। नई दिल्ली के डीसीपी (DCP New Delhi) सचिन शर्मा ने आधिकारिक बयान देते हुए कहा कि हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार और सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति व विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह को ध्यान में रखते हुए, उन्हें यहां से इलाज के लिए एक सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का कोई लाठीचार्ज या ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। पुलिस ने अधिकतम संयम बरतते हुए इस पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया।

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती, जारी होगा मेडिकल बुलेटिन

सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सफदरजंग अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने जानकारी देते हुए बताया कि सोनम वांगचुक को अस्पताल में एडमिट कर लिया गया है और फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच कर रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जल्द ही उनकी सेहत को लेकर एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article