PM Narendra Modi Varanasi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 28 अप्रैल को अपने दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वे काशीवासियों को लगभग 6300 करोड़ रुपये की लागत वाली 163 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण भी किया। जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार के अनुसार प्रधानमंत्री अपने इस दौरे में कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में बड़ी संख्या में महिला लाभार्थियों की भागीदारी भी रहेगी। इसके अलावा कई फ्लाईओवर और सड़क परियोजनाएं भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास करेंगे और दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे।
काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे पीएम मोदी
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने भी जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 28 और 29 अप्रैल को वाराणसी दौरे पर रहेंगे। 28 अप्रैल की शाम को वे ‘नारी वंदन रैली’ में शामिल हुए, जिसमें करीब 40 हजार महिलाओं ने भाग लिया। आज सुबह 8:30 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दर्शन-पूजन करने के बाद गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के लिए प्रधानमंत्री हरदोई के मल्लावां जाएंगे।
सुरक्षा के सख्त इंतजाम
इस आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए थे। चूंकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य रूप से महिला पुलिसकर्मियों को सौंपी गई थी। लगभग 1500 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आज भी सुरक्षा के इंतजाम हैं, पूरे कार्यक्रम स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है और सुरक्षा के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम भी लगाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक हथियारों से लैस क्यूआरटी और एटीएस की टीमें भी तैनात हैं।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने क्या बताया?
पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है और सुरक्षा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए इसे जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से पहले विस्तृत ब्रीफिंग दे दी गई है। कार्यक्रम स्थल के भीतर की सुरक्षा महिला पुलिसकर्मी संभालेंगी, जबकि बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुरुष पुलिस बल को दी गई है।
