देश

बिहार-बंगाल दौरे पर आज PM, दोनों राज्यों को देंगे विकास योजनाओं की सौगात, 4 अमृत भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

बिहार के मोतिहारी शहर के गांधी मैदान में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जहां मोदी के दोपहर में पहुंचने और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ मंच साझा करने की उम्मीद है। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा, ‘रैली स्थल पर जनता के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसमें लगभग पांच लाख लोगों के आने की उम्मीद है।’

Image

पीएम मोदी का आज बिहार-बंगाल दौरा। तस्वीर-पीटीआई

Photo : PTI

PM Modi Bihar-Bengal Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इन दोनों राज्यों में वह विकास की कई परियोजनाओं की शुरुआत एवं उनका उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा बिहार के पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से शुरू होगा। वह बिहार में 7,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित और उनकी आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि विकास कार्यों में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स, चार नई अमृत भारत ट्रेनें, सड़क परियोजनाएं और अन्य कार्य शामिल हैं।

दुर्गापुर में विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक कार्यक्रम में वे विभिन्न कार्यों की आधारशिला रखेंगे और 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं तेल और गैस, ऊर्जा, रेलवे और सड़क जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से पीड़ित है, और लोग अब भारतीय जनता पार्टी की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। लोग मानते हैं कि केवल भाजपा ही राज्य में विकास कार्य कर सकती है।

मोतिहारी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बिहार के मोतिहारी शहर के गांधी मैदान में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जहां मोदी के दोपहर में पहुंचने और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ मंच साझा करने की उम्मीद है। पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा, ‘रैली स्थल पर जनता के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिसमें लगभग पांच लाख लोगों के आने की उम्मीद है।’ जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से लोगों के आने की संभावना है। इसलिए, 10,000 बसों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि कस्बे में 10,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

pm modi

pm modi

प्रधानमंत्री का यह बिहार का 53वां दौरा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह राज्य का 53वां दौरा होगा, ‘जो दर्शाता है कि बिहार मोदी की प्राथमिकताओं की सूची में शीर्ष पर है।’ शुरू की जाने वाली विकास परियोजनाओं में से रेलवे से संबंधित परियोजनाएं 5,385 करोड़ रुपये की होंगी। रेलवे द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इसमें 4,079 करोड़ रुपये की लागत से 256 किलोमीटर लंबे दरभंगा-नरकटियागंज और 585 करोड़ रुपये की लागत से दरभंगा-थलवारा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर लाइनों का दोहरीकरण शामिल है। इस बीच, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘कल, जब प्रधानमंत्री बिहार में होंगे, तो हमें उम्मीद है कि राज्य में बढ़ती अपराध दर पर उनके पास कुछ शब्द होंगे।’

विपक्ष ने साधा निशाना

यादव ने आरोप लगाया, ‘बिहार की धरती पर हर रैली में मोदी यह कहते हुए दिखते हैं कि अगर राजद के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आया तो जंगल राज लौट आएगा। उन्हें स्वीकार करना चाहिए कि जंगल राज पहले ही आ चुका है। दरअसल, यह राज्य में राजग के 20 साल के शासन के दौरान से ही है।’कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि बिहार के लोग प्रधानमंत्री की अनगिनत यात्राओं के दौरान की गई हरकतों से तंग आ चुके हैं।उन्होंने कहा, ‘उन्हें अभी भी वह बयानबाजी याद है जिसके साथ उन्होंने 2015 में राज्य को 1.25 लाख करोड़ रुपये की सहायता देने का वादा किया था। लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article