देश

2021 से अब तक PM मोदी की विदेश यात्राओं पर कितना हुआ खर्च, कौन-सा दौरा रहा सबसे महंगा? सरकार ने दिया जवाब

PM Modi Overseas Visits Cost: विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने राज्यसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों पर साल 2026 में अब तक 74.58 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आ चुका है, जबकि 2021 से लेकर अब तक कुल 550 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च हुई है।

Image

पीएम मोदी की विदेश यात्राओं का हिसाब (फाइल फोटो)

Photo : PTI

PM Modi Overseas Visits Cost: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और उन पर होने वाले सरकारी खर्च को लेकर केंद्र सरकार ने संसद में नया आंकड़ा पेश किया है। विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा ने गुरुवार को राज्यसभा में एक लिखित सवाल का जवाब देते हुए बताया कि साल 2026 में अब तक प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों पर 74.58 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है। वहीं अगर साल 2021 से अब तक का हिसाब देखा जाए, तो यह कुल खर्च 550 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।

सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस साल मई महीने में प्रधानमंत्री की पांच देशों की यात्रा के दौरान नार्वे दौरे पर सबसे ज्यादा 17.46 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 के कई यात्रा खर्च अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुए हैं और बिलों के भुगतान के बाद इन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलावा, जून में हुई फ्रांस यात्रा के खर्च का विवरण फिलहाल तैयार किया जा रहा है।

सालों-साल कैसे बढ़ा यात्राओं का खर्च

विदेश मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में पेश की गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर 36 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद 2022 में यह आंकड़ा बढ़कर 55 करोड़ रुपये, 2023 में 93 करोड़ रुपये और 2024 में 109 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, साल 2025 में विदेश यात्राओं पर सबसे अधिक 180 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च दर्ज किया गया था।

विदेशी दौरों से देश को क्या मिला फायदा?

विदेश यात्राओं पर होने वाले खर्च का औचित्य बताते हुए सरकार ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के ये दौरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा और निवेश को नई मजबूती प्रदान करते हैं। मंत्रालय ने सदन को बताया कि जुलाई 2021 से लेकर अब तक प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों के दौरान विभिन्न देशों के साथ 316 समझौतों और ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

ये समझौते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा और अंतरिक्ष जैसे कई अहम क्षेत्रों से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त, सरकार ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के दौरान देश में कुल 381.8 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article