देश

PM Modi in Uzbekistan: 'आप लोगों ने बहुत बढ़िया योग किया', PM मोदी ने शेयर किया सेल्फी वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान ताशकंद में उनका खास अंदाज देखने को मिला। पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान योग फेडरेशन के विशेष योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों के साथ योग किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रतिभागियों के साथ सेल्फी ली और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “Uzbekistan loves Yoga!” पीएम मोदी ने योग को भारत-उज्बेकिस्तान के रिश्तों को मजबूत करने और दोनों देशों के लोगों को करीब लाने का माध्यम बताया।

Image

ताशकंद में PM मोदी का योग वाला अंदाज, लोगों के साथ ली सेल्फी और शेयर किया वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरे पर हैं। रविवार को ताशकंद में उनका एक अलग अंदाज देखने को मिला। पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान योग फेडरेशन की ओर से आयोजित एक विशेष योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ योग किया और योगाभ्यास भी कराया।

कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों के साथ सेल्फी ली और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। पीएम मोदी ने कहा कि आप लोगों ने बहुत बढ़िया योग किया। मैं उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

योग कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी

ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी विशेष योग सत्र में शामिल हुए। कार्यक्रम में उज्बेकिस्तान के योग साधकों ने भी हिस्सा लिया। योग सत्र के दौरान लोगों में काफी उत्साह नजर आया। पीएम मोदी ने भी प्रतिभागियों के साथ योग किया और उन्हें योग के अलग-अलग अभ्यास कराते दिखाई दिए। कार्यक्रम खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद लोगों के साथ सेल्फी ली। इसके बाद उन्होंने इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो के साथ पीएम मोदी ने लिखा, “Uzbekistan loves Yoga!” यानी ‘उज्बेकिस्तान योग से प्यार करता है।’

योग कार्यक्रम में भाग लेने के बाद ताशकेंट की निवासी क्रिस्टीना ने कहा, “यह एक शानदार अनुभव था, खासकर ऐसे महान व्यक्ति के साथ जो उज़्बेकिस्तान आए थे। यह वास्तव में एक बेहतरीन अनुभव था। मुझे लगता है कि यह (योग) हमारे संबंधों को एक नए स्तर पर ले जाएगा। यह दोनों देशों को करीब लाएगा और दोस्ती को मजबूत करेगा।”

योग के जरिए भारत-उज्बेकिस्तान दोस्ती का संदेश

पीएम मोदी का योग कार्यक्रम सिर्फ स्वास्थ्य और फिटनेस तक सीमित नहीं रहा। इसे भारत और उज्बेकिस्तान के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। योग भारत की प्राचीन परंपरा है और दुनिया के कई देशों में इसकी लोकप्रियता बढ़ी है। उज्बेकिस्तान में भी योग को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। योग कार्यक्रम में पीएम मोदी की भागीदारी भारत की सांस्कृतिक विरासत और सॉफ्ट पावर को दुनिया के सामने रखने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article