देश

भारतीय रेस्टोरेंट संघ का छलका दर्द, कनॉट प्लेस में बार-बार प्रदर्शन से बुरी तरह प्रभावित हुआ कारोबार

CJP Protest: भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे व्यावसायिक क्षेत्रों से दूर प्रदर्शन करें। एनआरएआई का कहना है कि प्रदर्शन की वजह से कनॉट प्लेट और आसपास के इलाकों में कारोबार पर बुरा असर पड़ा है।

Image

कनॉट प्लेस (फोटो साभार- PTI)

CJP Protest: राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लगातार हो रहे प्रदर्शनों के कारण कारोबार पर बुरा असर पड़ा है। कई दिन तो दुकानों और प्रतिष्ठानों में बिक्री बिल्कुल नहीं हुई। यह बात भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ (एनआरएआई) ने शुक्रवार को कही। एनआरएआई के कोषाध्यक्ष मनप्रीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे व्यावसायिक क्षेत्रों से दूर प्रदर्शन करें। उनकी यह अपील ऐसे समय आई है जब कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने शुक्रवार शाम कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'तिरंगा मार्च' निकालने का आह्वान किया है।

'CJP प्रोटेस्ट से बर्बाद हुआ कारोबार'

सिंह ने कहा कि केवल प्रदर्शन की घोषणा से ही लोग इस लोकप्रिय खरीदारी और खानपान केंद्र में आने से बचने लगते हैं, भले ही इलाके में आवाजाही पर कोई रोक न हो। उन्होंने कहा, "लोग यहां आने से डरते हैं। वे किसी प्रदर्शन में फंसना या किसी परेशानी में पड़ना नहीं चाहते।" सिंह ने कहा कि जब ग्राहकों के पास दूसरे विकल्प होते हैं तो वे कनॉट प्लेस आने से बचते हैं। त्योहारों के सीजन में इसका असर और ज्यादा होता है, क्योंकि इस दौरान परिवार आमतौर पर खरीदारी, मनोरंजन और खानपान के लिए यहां आते हैं। उन्होंने कहा, "बिक्री कम होने और बिक्री शून्य होने में अंतर है। कई दिन बिक्री शून्य रही है।"

जंतर-मंतर के प्रदर्शन से हुआ बुरा नुकसान

एनआरएआई के कोषाध्यक्ष ने बताया कि पहले जंतर-मंतर पर हुए एक महीने लंबे प्रदर्शन के दौरान भी कारोबार को नुकसान हुआ था। सिंह ने कहा कि शुक्रवार सुबह लोगों की आवाजाही सामान्य थी, लेकिन शाम को प्रदर्शन का समय नजदीक आने पर उन्हें आशंका थी कि ग्राहक वहां से निकलने लगेंगे या इलाके में आने से बचेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों और प्रदर्शनकारियों से व्यावसायिक क्षेत्रों की बजाय दूसरी जगह प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से प्रदर्शन के लिए तय जगहों का इस्तेमाल किया जा सकता है। सिंह ने कहा, "हमारी बस इतनी गुजारिश है कि कनॉट प्लेस से तीन-चार किलोमीटर के दायरे में प्रदर्शन नहीं होने चाहिए। प्रदर्शन के लिए ऐसी जगह चुनी जानी चाहिए, जहां कारोबार प्रभावित न हो।"

राजनीतिक दलों से अपील

उन्होंने कहा कि रेस्तरां को भी नुकसान हो रहा है, क्योंकि उनका बिजनेस इस इलाके में खरीदारी और दूसरी मनोरंजक गतिविधियों से सीधे जुड़ा है। कनॉट प्लेस आने वाले लोग अक्सर खरीदारी के साथ रेस्तरां में खाना खाने, कुछ हल्का खाने या कॉफी पीने भी जाते हैं। इसी तरह, रेस्तरां आने वाले लोग भी आसपास की दुकानों में खरीदारी करते हैं। सिंह ने कहा, "जब खरीदारी करने वाले लोग नहीं आ रहे हैं, तो वे रेस्तरां में भी नहीं आ रहे हैं। ये सभी गतिविधियां एक-दूसरे से जुड़ी हैं।" सिंह ने कहा कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास के कारोबारों में लाखों लोग काम करते हैं। इन प्रतिष्ठानों को रोज के खर्च और कर्मचारियों का वेतन देने के लिए नियमित बिक्री की जरूरत होती है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि प्रदर्शनों से व्यावसायिक गतिविधियां बाधित न हों। खासकर त्योहारों के दौरान ऐसा नहीं होना चाहिए, क्योंकि इस समय कारोबारियों को ग्राहकों की बढ़ी हुई आवाजाही से बिक्री बढ़ने की उम्मीद रहती है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article