शहर

'देश आज़ाद है, तानाशाह मोदी का गुलाम नहीं'...सरकार नहीं तय करेगी कहां फहराएं तिरंगा; 'आप' ने निकाला मार्च

कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ’लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रपति भवन के पास तिरंगा मार्च निकाला और कहा कि यह तय करना केंद्र सरकार का काम नहीं है कि जनता राष्ट्रीय ध्वज कहां फहराए।

Image

आप' ने निकाला तिरंगा मार्च

दिल्ली : कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन के पास तिरंगा मार्च निकाला। इस दौरान आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार और पुलिस यह तय नहीं कर सकती कि नागरिक राष्ट्रीय ध्वज कहां फहराएं। आप ने कहा कि देश आजाद है, मोदी का गुलाम नहीं...

सौरभ भारद्वाज ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नॉर्थ एवेन्यू में तिरंगा मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। भारद्वाज ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि सरकार और पुलिस का काम यह तय करना नहीं है कि नागरिक राष्ट्रीय ध्वज कहां फहराएं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने यहां तिरंगा फहराया है और शाम को कॉजपा के मार्च में भी शामिल होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी तिरंगा फहराने का अवसर मिले, वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराएं।

कॉजपा ने की थी ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बृहस्पतिवार को लोगों से कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने की अपील की थी। यह मार्च मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन करने के मुद्दे पर दिल्ली पुलिस के साथ हुए गतिरोध के बीच आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

प्रशासनिक कारणों से बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

इस बीच, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए शुक्रवार और शनिवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वह किसी उपयुक्त स्थान पर चुनिंदा लोगों के समूह को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने की व्यवस्था कर सकती है। ऐसे में प्रस्तावित मार्च के आयोजन और स्थान को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article