देश

तिरंगा यात्रा से पहले हिरासत में लिए गए अभिजीत दिपके, बोले- मैंने क्या किया, मैं तो अकेला हूं

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' रैली से पहले दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार की शाम पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया।

Image

हिरासत में लिए गए अभिजीत दिपके

Photo : ANI

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' रैली से पहले दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार की शाम पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दिपके 'लहरा दो तिरंगा' रैली में शामिल होने के लिए कनॉट प्लेस जाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में जब दिपके जब अपने आवास से बाहर निकले तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन जब दिपके नहीं माने तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए दिपके की दिल्ली पुलिस के साथ बहस भी हुई। इस दौरान, दिपके ने कहा कि मैंने अभी उल्लंघन कैसे किया? मैं अकेला हूं। इस पर पुलिस ने जवाब दिया कि आपके पीछे भीड़ बहुत ज्यादा है। दिपके ने कहा कि मीडिया है, मीडिया...

दिल्ली पुलिस ने थमा चुकी थी दो नोटिस

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले दिपके को दो कानूनी नोटिस थमाया था। एक नोटिस दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया है जिसमें दिपके को जानकारी दी गई थी कि सेंट्रल पार्क में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है। ऐसे में वहां प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस दिया।

कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा तैनाती

सीजेपी का 'लहरा दो तिरंगा' मार्च शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक कर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं।

कनॉट प्लेस में मार्च की अनुमति नहीं

पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस निषेधाज्ञा के तहत कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में लोगों के एकत्र होने पर रोक है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के एक सीमित समूह को किसी वैकल्पिक स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है।

सेंट्रल पार्क बंद

वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कहा है कि प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा।

यातायात प्रभावित होने की संभावना

'लहरा दो तिरंगा' मार्च के चलते कनॉट प्लेस के आस-पास के इलाके में यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने बीते दिनों ऐसे संभावित इलाकों की लिस्ट भी जारी की थी।

पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आईटीओ और संसद मार्ग सहित कई बिंदुओं पर बैरिकेड भी लगाए हैं। अधिकारियों ने कहा कि उनका ध्यान सार्वजनिक आवाजाही को ठप्प किए बिना इस वाणिज्यिक क्षेत्र के कई प्रवेश और निकास बिंदुओं को सुरक्षित करने पर है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article