CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के बाद अब नेहा बोरा भी हिरासत में ले ली गई हैं। कनॉट प्लेस में लहरा दो तिरंगा मार्च में शामिल होने जा रहीं आइसा अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को तिरंगा मार्च शुरू होने के 10 मिनट पहले हिरासत में लिया था। CJP ने आज शाम कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'तिरंगा मार्च' का आह्वान किया था। पार्टी के आह्वान के बाद लोगों ने राष्ट्रीय राजधानी में 'लहरा दो तिरंगा' प्रदर्शन मार्च निकाला।
हिरासत के बाद नेहा के ऑफिशियल एक्स अकाउंट से ट्वीट किया गया, 'नेहा बोरा को अकेले अनजान जगह पर ले जाया गया है और उनके पास फोन भी नहीं है। यह डिटेंशन नहीं बल्कि अपहरण है।' पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया है कि उन्हें किस थाने ले जाया गया है।
दिपके को घर से हिरासत में लिया
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दिपके 'लहरा दो तिरंगा' रैली में शामिल होने के लिए कनॉट प्लेस जाने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में दिपके जब अपने आवास से बाहर निकले तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की। जब दिपके नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान दिपके की दिल्ली पुलिस के साथ बहस भी हुई।
AISA के कार्यकर्ता भी हिरासत में
दिल्ली के मंडी हाउस के पास प्रदर्शन कर रहे आइसा (AISA) और वाम दलों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने मंडी हाउस इलाके में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर हटा दिया।
दिल्ली पुलिस ने पहले ही थमाए थे नोटिस
मिली जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को कानूनी नोटिस दिए थे। एक नोटिस दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया था, जिसमें बताया गया था कि सेंट्रल पार्क में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है और वहां प्रदर्शन न करने को कहा गया था।
कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा बल तैनात
कनॉट प्लेस और आस-पास के इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक कर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 220 कंपनियों को तैनात किया गया है। प्रत्येक कंपनी में तकरीबन 100 जवान होते हैं। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने एक दिन पहले ही कहा था कि प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
