देश

PM मोदी ने भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट के लिए विश्व के नेताओं का किया स्वागत; जानें कौन-कौन हुआ शामिल

AI Impact Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में भारत मंडपम में जारी 'एआई इम्पैक्ट समिट' में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित विश्व के नेताओं का स्वागत किया।

Image

PM मोदी ने विश्व नेताओं का किया स्वागत

Photo : ANI

AI Impact Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में भारत मंडपम में जारी 'एआई इम्पैक्ट समिट' में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा सहित विश्व के नेताओं का स्वागत किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे का स्वागत ढोल, नादस्वरम और तानपुरा सहित पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन से किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया।

कौन-कौन हुआ शामिल

मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम, क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति सेबेस्टियन पिल्लई, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो उन नेताओं में शामिल थे, जिनका मोदी ने भव्य रूप से सजाये गए भारत मंडपम में स्वागत किया। यूनान के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस और गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव भी उन नेताओं में शामिल थे, जिनका प्रधानमंत्री ने स्वागत किया।

इस शिखर सम्मेलन में दुनियाभर के 500 से अधिक एआई दिग्गज, करीब 100 सीईओ एवं संस्थापक, 150 शिक्षाविद एवं शोधकर्ता और 400 मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO), उपाध्यक्ष तथा धर्मार्थ कार्य करने वाले व्यक्ति शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भी भाग लेंगे जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष एवं शासन-प्रमुख तथा करीब 60 मंत्री एवं उप मंत्री शामिल हैं।

स्पेन, फिनलैंड के शीर्ष नेताओं से मिले PM मोदी

इससे इतर, पीएम मोदी ने बुधवार को स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो के साथ अलग-अलग बैठकें कीं तथा कहा कि भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते ने भारत-यूरोप संबंधों में एक 'स्वर्णिम युग की शुरुआत' की है। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति सांचेज के साथ उनकी एक सार्थक बैठक हुई और खासकर रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में भारत-स्पेन मित्रता को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा हुई। बता दें कि भारत और यूरोपीय संघ ने 27 जनवरी को एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article