Shubhanshu Shukla News : अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से शुभांशु शुक्ला की सकुशल वापसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह देशवासियों की तरफ से उनका स्वागत करते हैं। X पर अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 'अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से वापस लौटने पर मैं देशवासियों की तरफ से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं। आईएसएस जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्षयात्री ने अपने समर्पण, साहस और उत्साह से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे मानव युक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान की यात्रा की दिशा में एक और मील का पत्थर है।'
सैन डिएगो के समंदर में हुआ स्प्लैशडाउन
शुभांशु की बुधवार करीब तीन बजे ISS से सकुशल वापसी हो गई। करीब 23 घंटे की यात्रा के बाद उनका अंतरिक्षयान कैलिफोर्निया के सैन डिएगो के समंदर में स्प्लैशडाउन किया। शुक्ला के साथ एक्सिओम-4 मिशन की कमांडर पैगी व्हिट्सन, मिशन विशेषज्ञ पोलैंड के स्लावोज़ उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू भी लौटे हैं।
18 दिन बाद ISS से लौटे हैं शुभांशु
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर 18 दिन के प्रवास के बाद अंतरिक्ष यात्रियों ने पृथ्वी पर लौटने से पहले 22.5 घंटे की यात्रा की। शुक्ला, कमांडर पैगी व्हिटसन, तथा मिशन विशेषज्ञ पोलैंड के स्लावोज़ उज्नान्स्की-विस्नीवस्की और हंगरी के टिबोर कापू को लेकर अंतरिक्ष यान सोमवार को भारतीय समयानुसार शाम 4:45 बजे अंतरिक्ष स्टेशन से अलग हो गया था। स्पेसएक्स ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ड्रैगन के उतरने की पुष्टि हो गई है - पृथ्वी पर आपका स्वागत है, @एस्ट्रोपेगी, शुक्स, @एस्ट्रो_स्लावोज़ और टिबी।’
ग्रुप कैप्टन शुभांशु के पृथ्वी पर लौटने पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि 'भारत ने आज सचमुच अंतरिक्ष की दुनिया में एक स्थायी स्थान प्राप्त कर लिया है। यह भारत के लिए गौरव का क्षण है, जब हमारे एक गौरवशाली सपूत एक सफल अंतरिक्ष यात्रा पूरी करके लौटे हैं।'
लखनऊ में शुभांशु के घर को रोशनी से सजाया
वहीं, अपने बेटे की पृथ्वी पर सकुशल वापसी के लिए लखनऊ में उनके पिता अपने परिवार समेत लगातार पूजा अर्चना करते रहे। सके पहले परिजनों ने हवन-पूजन और रुद्राभिषेक कर प्रार्थना की कि शुभांशु बिना किसी परेशानी के पृथ्वी पर वापस लौट आएं। राजधानी के त्रिवेणी नगर इलाके में स्थित शुभांशु के पैतृक घर को रोशनी से सजाया गया है और घर के बाहर उनके उपनाम 'शक्स' के पोस्टर लगे हैं। घर में शुभांशु के आने पर जश्न की तैयारी हो रही है।
