PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गुजरात (Gujarat) और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वह गुजरात में 9 से 11 अक्टूबर के बीच रहेंगे, जहां वह राज्यभर में 14,500 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में करीब तीन दशक से बीजेपी सत्ता में है।
गुजरात में 9 से 11 अक्टूबर के बीच रहेंगे पीएम मोदी
9 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे पीएम मोदी मेहसाणा के मोढेरा में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वहीं 10 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे पीएम भरूच के आमोद में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 3:15 बजे वह अहमदाबाद में मोदी शैक्षणिक संकुल का उद्घाटन करेंगे। ये परियोजना छात्रों को समग्र विकास के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
मध्य प्रदेश के उज्जैन भी जाएंगे पीएम मोदी
शाम साढ़े पांच बजे प्रधानमंत्री जामनगर में परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री 11 अक्टूबर को सिविल अस्पताल असरवा, अहमदाबाद में 1,300 करोड़ रुपए की विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जामनगर में वह सिंचाई, बिजली, जलापूर्ति और शहरी बुनियादी ढांचे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की नींव रखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर की यात्रा करेंगे और 'महाकाल लोक' का उद्घाटन करेंगे।
'महाकाल लोक' परियोजना का पहला चरण दर्शन के लिए महाकालेश्वर मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को विश्व स्तरीय आधुनिक सुविधाएं प्रदान करके उनके अनुभव को समृद्ध बनाने में मदद करेगा। 'महाकाल लोक' परियोजना का मकसद पूरे क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करना और विरासत संरचनाओं के संरक्षण व रखरखाव पर विशेष जोर देना है। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर का करीब सात गुना विस्तार किया जाएगा। पूरी परियोजना पर लगभग 850 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
