देश

4 राज्य, 6 दिन और 8 रैलियां, चार चुनावी राज्यों में ताल ठोकेंगे PM Modi, जानें पूरा शेड्यूल

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Sep 30, 2023, 01:23 PM IST

PM Modi News: पीएम मोदी 30 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच आठ रैलियां करेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान वह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और राजस्थान में विपक्ष के खिलाफ ताल ठोकेंगे। जानकारी के मुताबिक, इन राज्यों में प्रधानमंत्री कई परियोजनाओं की सौगात भी देने वाले हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Photo : BCCL

PM Modi News: इस साल के अंत तक चार राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। चारों राज्यों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार की कमान खुद अपने हाथ में ले ली है। शनिवार (आज ) से वह इन राज्यों में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार शुरू करने वाले हैं। अगर प्रधानमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम को देखा जाए तो वे अगले छह दिनों में चार चुनावी राज्यों में आठ रैलियां करने वाले हैं।

पीएम मोदी 30 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच आठ रैलियां करेंगे। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान वह मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और राजस्थान को विभिन्न परियोजनाओं की सौगात भी देने वाले हैं। पीएम मोदी का कई जन कल्याण योजनाओं को लॉन्च करने का भी कार्यक्रम है। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनावी कार्यक्रम...

छत्तीसगढ़

पीएम मोदी अपने चुनावी कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ से करेंगे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को वह भाजपा की दो 'परिवर्तन यात्राओं' के समापन समारोह में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जाएंगे। राज्य भाजपा प्रमुख अरुण साव के मुताबिक, पीएम मोदी दोपहर करीब दो बजे साइंस कॉलेज मैदान में 'परिवर्तन महासंकल्प' रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह तीन अक्टूबर को बस्तर के जगदलपुर में सार्वजनिक बैठकों में भी शमिल होंगे।

तेलंगाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर को तेलंगाना के महबूबनगर जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वह 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकासात्मक परियोजनाओंकी सौगात देंगे। इसके अलावा पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। वह हैदराबाद विश्वविद्यालय की पांच नई इमारतों - स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, स्कूल ऑफ मैथमेटिक्स एंड स्टैटिस्टिक्स, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स - III, और सरोजिनी नायडू स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड कम्युनिकेशन (एनेक्सी) का भी उद्घाटन करेंगे। 3 अक्टूबर को वह निजामाबाद में सार्वजनिक बैठकों में हिस्सा लेंगे।

मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रहे है। जानकारी के मुताबिक, 2 अक्टूबर को पीएम मोदी ग्वालियर में दो सार्वजनिक बैठकों में शामिल होंगे।

राजस्थान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर को कांग्रेस शासित राजस्थान का भी दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह चित्तौड़गढ़ में एक सार्वजनिक रैली करेंगे। इसके बाद वह 6 अक्टूबर को जोधपुर में भी एक रैली को संबोधित कर सकते हैं।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article