देश

PM मोदी रावण दहन कार्यक्रम में नहीं होंगे शामिल, बारिश के चलते रद्द हुआ प्रोग्राम

Vijaya Dasami 2025: ​​ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विजयादशमी के अवसर पर दिल्ली के यमुना पार स्थित श्री रामलीला कमेटी, इंद्रप्रस्थ में विशेष कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन शाम को अचानक हुई भारी बारिश की वजह से कार्यक्रम रद्द हो गया। द्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेश बिंदल ने बताया कि बारिश के कारण प्रधानमंत्री समारोह में शामिल नहीं हो सके।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Vijaya Dasami 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विजयादशमी के अवसर पर दिल्ली के यमुना पार स्थित श्री रामलीला कमेटी, इंद्रप्रस्थ में विशेष कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे, लेकिन शाम को अचानक हुई भारी बारिश की वजह से कार्यक्रम रद्द हो गया। ऐसे में अब पीएम मोदी रावण दहन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के भी शामिल होने की संभावना थी। राजधानी में हुई मूसलाधार बारिश के चलते कई रामलीला आयोजनों और रावण दहन के कार्यक्रमों में अव्यवस्था की स्थिति बन गई। कई स्थानों पर मंच और पंडाल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे दर्शकों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेश बिंदल ने बताया , ‘‘बारिश के कारण प्रधानमंत्री समारोह में शामिल नहीं हो सके। बारिश के कारण पुतलों को नुकसान पहुंचा, जिनका (पुतलों का) बाद में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक अरविंदर सिंह लवली और अन्य लोगों की मौजूदगी में दहन किया गया।’’

अमित शाह का कार्यक्रम भी हुआ रद्द

आयोजकों ने बताया कि जिस मैदान में रामलीला का आयोजन हो रहा था, वहां पानी भर गया था। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण अमित शाह पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित डीडीए ग्राउंड में केशव रामलीला समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह बाद में पुतला दहन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

केशव रामलीला समिति के अध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा ने बताया कि वे शाह से अगले वर्ष मंच पर आने और पुतला दहन करने का अनुरोध करेंगे।

दिल्ली के उत्तर, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई।

बारिश से दशहरा उत्सव में पड़ा खलल

आईएमडी के अनुसार, शाम 5:30 बजे तक पीतमपुरा स्थित मौसम निगरानी केंद्र ने 17.5 मिमी बारिश दर्ज की, रिज स्थित केंद्र ने 15.4 मिमी जबकि मयूर विहार केंद्र ने 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अशोक विहार स्थित आदर्श रामलीला कमेटी के एक सदस्य ने बताया कि भारी बारिश के कारण उन्हें रावण के पुतले को बचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने कहा, ‘‘हम बड़ी मुश्किल से इसे प्लास्टिक से ढक पाए, लेकिन फिर भी इसका अधिकांश हिस्सा भीग गया। पुतले पर पेट्रोल और डीजल डालकर उसे जलाने की कोशिश की गई लेकिन इसमें आग नहीं लग रही थी।’’

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article