Narendra Modi Kerala Visis: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को तिरुचिरापल्ली में लगभग 5,650 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा वह तिरुचिरापल्ली से दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस रेलगाड़ियों, एक पैसेंजर ट्रेन एवं केरल के एर्णाकुलम से एक और यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ये नई ट्रेन सेवाएं सामूहिक रूप से तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड के लाखों यात्रियों को लाभ पहुंचाएंगी। इस अवसर पर केरल में तीन पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का उद्घाटन भी किया जाएगा और शोरनूर-निलांबुर रेलवे लाइन विद्युतीकरण परियोजना राष्ट्र को समर्पित की जाएगी।
एक रैली को भी संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री
वह तमिलनाडु की अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक रैली को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा से पहले 'एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'राज्य भर में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) परेशान है। तमिलनाडु के लोगों ने द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को देखा है। यही कारण है कि वे राजग के आशा और प्रगति के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।’
पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को मिलेगा बढ़ावा
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में उनकी अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री ने कहा, 'इससे विशेष रूप से दक्षिणी तमिलनाडु में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। शाश्वत संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध मदुरै शहर अब वैश्विक स्तर पर अपने संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है।’ शुरू की जाने वाली परियोजनाओं में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस बुनियादी ढांचा, ग्रामीण कनेक्टिविटी, राजमार्ग विकास और रेलवे सेवाएं शामिल हैं।
देश के अन्य भागों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
वह दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक पैसेंजर ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे तमिलनाडु की रेल कनेक्टिविटी तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत समेत अन्य क्षेत्रों से और मजबूत होगी, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
'पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस' को हरी झंडी
तमिलनाडु में एक ऐसा शहर है जहां दो रेलवे स्टेशन एक-दूसरे से मुश्किल से छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं, फिर भी अब तक, उनमें से कोई भी अपने लोगों को झारखंड के खनिज-समृद्ध क्षेत्र के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रदान नहीं कर सका था। वह शहर कोयंबटूर है। लेकिन अब यह स्थिति बदलने वाली है, जब प्रधानमंत्री मोदी तिरुचिरापल्ली से 'पोदानूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
