देश

'AI समिट को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया', PM मोदी का Congress पर जोरदार हमला; बोले- कपड़े क्यों उतारे, आप तो...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर चिंता जाहिर की। पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था की तारीफ की।

Photo : ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने शताब्दी नगर (Shatabdi Nagar) से मेट्रो की पहली यात्रा भी की और उन्होंने स्कूल के बच्चों और डॉक्टरों के साथ बातचीत की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने 12,390 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर PM मोदी ने जताई चिंता

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस नेताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन पर चिंता जाहिर की। पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "एआई ग्लोबल समिट ये भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए... इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने के बजाय वेशर्मी के साथ गाजते हैं और ये मामला कांग्रेस की हरकतों का लगातार चल रहा है।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो। क्या आपलोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो। कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। एक बात मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है। मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं।

विकसित देश भारत से जुड़ने के लिए उत्सुक: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अन्य केंद्रीय और राज्य नेता भी शामिल रहे। पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानून-व्यवस्था की तारीफ की।

पीएम मोदी ने कहा कि, "आप इन दिनों देख रहे हैं कि दुनिया भर के लोगों को भारत पर कितना भरोसा है। दुनिया के कई विकसित देश अब भारत के साथ व्यापार समझौते कर रहे हैं। एक समय था जब कांग्रेस सरकार, चाहत के बावजूद, विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर सकी क्योंकि उस समय दुनिया कांग्रेस सरकार के साथ व्यापार करने से हिचकिचाती थी, जो घोटालों के लिए बदनाम थी। लेकिन आज, विकसित देश भारत से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं। आज, दुनिया को लगता है कि भारत वह शक्ति है जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान प्रदान कर सकती है।"

मेरठ से मेरा खास नाता: प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने मेरठ का जिक्र करते हुए कहा कि मेरा मेरठ से एक विशेष संबंध है क्योंकि मैंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी चुनावी सभाओं की शुरुआत यहीं से की थी।

पीएम मोदी ने कहा कि सराय कालेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ। इन स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में ये पहली बार हो रहा है जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। यानी, एक ही प्लेटफॉर्म से आप शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे औरउसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं।

जान लें रूट

रैपिड रेल के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच सफर बेहद तेज और सुविधाजनक हो जाएगा। लगभग 82.15 किलोमीटर की दूरी अब सिर्फ 55 मिनट में तय की जा सकेगी। यह ट्रेन मेरठ के मोदीपुरम से चलकर दिल्ली के सराय काले खां तक पहुंचेगी और रास्ते में कुल 13 स्टेशनों पर रुकेगी। पूरे रूट में दो स्टेशन भूमिगत होंगे, जबकि शेष मार्ग एलिवेटेड ट्रैक पर बनेगा।

20 फरवरी को NCRTC ने बेगमपुल से सराय काले खां तक ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान ट्रेन ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ी और मेरठ साउथ से सराय काले खां की दूरी 48 मिनट में तय की। वापसी यात्रा और भी तेज रही, जिसमें यही सफर केवल 39 मिनट में पूरा हुआ।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article