देश

'राहुल गांधी की सोच विक्षिप्त जैसी, अज्ञात यात्रा पर संदिग्ध लोगों से मिलते हैं', सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए त्रिवेदी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा सत्ता में रहते हुए लूट मचाने, समाज में विभाजन पैदा करने और भारतीय धर्म एवं संस्कृति के प्रति गहरी नफरत रखने पर आधारित है। इसका नेतृत्व एक ऐसे नेता के हाथों में है, जो दुर्भाग्यवश देश में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

Image

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी।

Photo : PTI

BJP attacks Rahul Gandhi: विदेश यात्रा पर गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को तीखा हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि 'राहुल अपनी अज्ञात विदेशी यात्रा पर संदिग्ध लोगों से मिलते हैं और उनकी सोच विक्षिप्त व्यक्ति जैसी हो गई है। कांग्रेस आज खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है और वह मतिभ्रम को सच मान रही है।' भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सत्ता के बिना कांग्रेस की स्थिति जल बिन मछली जैसी हो गई है।

देश के लिए पहेली बन गए हैं राहुल गांधी-सुधांशु

दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए त्रिवेदी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा सत्ता में रहते हुए लूट मचाने, समाज में विभाजन पैदा करने और भारतीय धर्म एवं संस्कृति के प्रति गहरी नफरत रखने पर आधारित है। इसका नेतृत्व एक ऐसे नेता के हाथों में है, जो दुर्भाग्यवश देश में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। यह दुर्भाग्य की बात है, और शायद देश से भी ज्यादा कांग्रेस पार्टी के लिए, क्योंकि वे इस समय देश से गायब हैं। खबरों के मुताबिक, वे कहीं वियतनाम में घूम रहे हैं। वे देश और अपनी ही पार्टी, दोनों के लिए एक पहेली बन गए हैं।'

'देश के संवैधानिक ढांचे को भी दांव पर लगाया'

उन्होंने कहा, 'जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड उपलब्धियों से भरा है, वहीं राहुल गांधी का रिकॉर्ड कांग्रेस पार्टी के लिए समस्याओं से भरा हुआ है। आज कांग्रेस पार्टी ने न केवल अपना भविष्य खतरे में डाल दिया है, बल्कि देश के संवैधानिक ढांचे को भी दांव पर लगा दिया है।'

निशिकांत दुबे ने भी राहुल पर बोला हमला

इससे पहले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विदेश यात्राओं को लेकर राहुल पर निशाना साधा। झारखंड के दुमका में संवाददाता सम्मेलन में दुबे ने अमेरिकी नेताओं के साथ गांधी की कथित मुलाकातों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि कांग्रेस नेता किसके निर्देश पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने पिछले 10 वर्ष में कम से कम 270 बार विदेश यात्राएं की हैं। वह उन अमेरिकी नेताओं से मिलते रहे हैं...जिनके सोरोस फाउंडेशन से संबंध हैं इसलिए मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उन्होंने किसके कहने पर ऐसे लोगों से मुलाकात की।’

भाजपा नेता ने सवाल किया, 'क्या इसके पीछे सोरोस थे? क्या सैम पित्रोदा भी इस साजिश में प्रमुख रूप से शामिल हैं? क्या राहुल गांधी इन लोगों के इशारे पर यहां आंदोलन कर रहे हैं?’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article