Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में व्यापारिक वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के व्यस्त बजरंग चौक से बलिराम पाटिल चौक के बीच मुख्य सड़क पर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सैकड़ों लोगों की आवाजाही और भीड़ के सामने एक दोस्त ने ही अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान देवेश उर्फ बंटी चंद्रेश दीक्षित (37) के रूप में हुई है, जबकि संदिग्ध आरोपी का नाम उसका ही बचपन का दोस्त पवन दिलीप पाराशर है। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन खुद चलकर सिडको पुलिस थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
बचपन के दोस्त बने जानी दुश्मन
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक बंटी दीक्षित सिडको एन-7 इलाके में मेस चलाने के साथ-साथ अन्य व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में सक्रिय था। वहीं, आरोपी पवन उसका बचपन का दोस्त था। दोनों ने एक ही स्कूल में साथ पढ़ाई की थी। कुछ समय पहले तक दोनों स्थानीय होटलों और बार में सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने का काम भी साथ मिलकर करते थे। समय के साथ दोनों के बीच व्यापारिक वर्चस्व को लेकर मनमुटाव शुरू हो गया और धीरे-धीरे यह विवाद गहरी दुश्मनी में बदल गया। उनके बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे।
जिम से लौटते वक्त कार से कुचला, फिर सड़क पर किया हमला
घटना वाले दिन गुरुवार की सुबह बंटी हमेशा की तरह जिम गया हुआ था। जिम से लौटने के बाद सुबह करीब 10:30 बजे बंटी अपनी स्कूटर से घर के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपी पवन ने पहले से ही उसकी रेकी कर रखी थी और कार से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही बंटी बजरंग चौक से बलिराम पाटिल चौक की ओर मुड़ा, वैसे ही पवन ने अपनी तेज रफ्तार कार से मंगेश गैस एजेंसी के सामने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंटी हवा में उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरा, जबकि उसकी दोपहिया छिटककर करीब 200 फीट दूर जा गिरी। इसके बाद आरोपी ने सड़क पर गिरे बंटी पर डंडे से बेरहमी से हमला किया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। सिडको पुलिस थाना इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि हत्या के पीछे की अन्य वजहों का भी खुलासा किया जा सके।
