देश

अनंत सिंह के गढ़ में बवाल तो यूपी में पैसा बांटने वाले 4 गिरफ्तार, बिहार-यूपी-महाराष्ट्र-कर्नाटक में MLC चुनाव के लिए वोटिंग जारी

MLC Election Voting 2026: बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की 20 विधान परिषद् सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। पढ़िए अपडेट्स

Image

चार राज्यों में एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग जारी

MLC Election Voting 2026: देश के चार राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद् चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इन चार राज्यों की 20 सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग हो रही है। बिहार में आठ, उत्तर प्रदेश में 11 सीटें, कर्नाटक की 4 सीट और महाराष्ट्र 5 सीटों पर मतदान हो रहा है। चारों राज्यों में सबसे हॉट सीट पटना पटना स्नातक निर्वाचन सीट बना हुआ है, यहां बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। अनंत सिंह जनसुराज उम्मीदवार के लिए वोट मांग रहे हैं।

मोकामा में स्नातक चुनाव मतदान के दौरान दो पक्षों में झड़प

बिहार के मोकामा प्रखंड कार्यालय परिसर में स्नातक चुनाव के मतदान के दौरान शुक्रवार को दो पक्षों के बीच अचानक झड़प हो गई। मतदान शुरू होने से ठीक पहले हुए इस हंगामे के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और घटना में शामिल चार लोगों को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मतदान केंद्र के आसपास समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मामूली झड़प में तब्दील हो गई। हालांकि, मौके पर मुस्तैद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और उपद्रव की आशंका को टाल दिया। हिरासत में लिए गए चारों व्यक्तियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

गोरखपुर में चुनाव से पहले नकदी बांटने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदाताओं को पैसे बांटने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया गया, उनकी कार से 2.41 लाख रुपये नकद और चुनाव संबंधी सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चारों लोग एक कार में जा रहे थे, तभी आदर्श आचार संहिता लागू करने के लिए की जा रही जांच के दौरान बृहस्पतिवार को सिधारी थाना क्षेत्र में दौलतपुर पुलिया के पास उड़न दस्ते ने वाहन को रोका। पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दस्ते ने कार में रखे पांच सफेद थैलों से 2,41,500 रुपये नकद, मतदाता पर्चियां, विभिन्न स्कूलों की मतदाता सूचियां, पर्चे, हैंडबिल और अन्य दस्तावेज बरामद किए। पुलिस ने बताया कि थैलों पर गोरखपुर फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और एक प्रबंधक का नाम लिखा था।

बिहार में पटना सीट पर बवाल, अनंत सिंह की बगावत

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान शाम चार बजे तक होगा। इन चुनावों में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इनमें 1,46,611 महिलाएं और थर्डजेंडर के 37 मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 933 केंद्र बनाए गए हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर खुलकर सामने आई खींचतान के कारण मुकाबले पर विशेष नजर है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाए जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन देते हुए आरोप लगाया है कि नीरज कुमार ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था।

पटना स्नातक के अलावा दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतदान हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें तीन मौजूदा विधान पार्षद फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, जदयू ने शेष चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भाजपा के उम्मीदवारों में विधान पार्षद नवल किशोर यादव, एनके यादव और सर्वेश कुमार शामिल हैं। ये क्रमशः पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी (जेएसपी) सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

महाराष्ट्र में किन-किन सीटों पर MLC चुनाव?

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। इस चुनाव में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं और इसे राज्य विधानमंडल के उच्च सदन में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) की ताकत की परीक्षा माना जा रहा है। चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं। दोनों गठबंधनों को बगावत का सामना करना पड़ा है।अधिकारियों ने बताया कि मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। कुल 2,419 मतदान केंद्रों पर 10,68,072 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

राज्य की 78 सदस्यीय विधान परिषद में पांच सीटों-तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों-के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र हैं: पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से मिलकर बने महायुति गठबंधन तथा कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) से मिलकर बने विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन ने सभी पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 47 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 41, नागपुर स्नातक में 38, पुणे शिक्षक में 30 और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 26 उम्मीदवार हैं।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 842 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके बाद पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 741, नागपुर स्नातक में 445, पुणे शिक्षक में 310 और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 81 मतदान केंद्र हैं।

महाराष्ट्र विधान परिषद में भाजपा 35 सदस्यों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है। इसके बाद शिवसेना के 12 और राकांपा के 10 सदस्य हैं। विपक्षी दलों में कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) के पांच-पांच विधान परिषद सदस्य हैं, जबकि राकांपा (शप) के दो सदस्य हैं। सदन में चार निर्दलीय विधान परिषद सदस्य भी हैं।

कर्नाटक में किन-किन सीटों पर MLC चुनाव?

कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हुआ। इन सीटों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा-जद(एस) गठबंधन के बीच मुकाबला है। इस चुनाव को भारतीय जनता पार्टी-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन के आपसी तालमेल और स्नातकों व शिक्षकों के बीच सत्तारूढ़ कांग्रेस के जनाधार की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा ने पहले तीन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जद(एस) बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है। फिलहाल भाजपा के पास इन चार में से तीन सीटें हैं और वह उन्हें बरकरार रखने की कोशिश कर रही है। वहीं, जद(एस) की नजर बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट कांग्रेस से छीनने पर है। इन चुनावों से यह भी पता चलेगा कि गठबंधन के दोनों सहयोगी दल एक-दूसरे के उम्मीदवारों के पक्ष में अपने समर्थकों का वोट दिलाने में कितने सफल होते हैं। बेंगलुरु की सीट पर मुकाबला महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुट्टन्ना पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जद(एस) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पुट्टन्ना और रंगनाथ दोनों वोक्कालिगा समुदाय से हैं। कांग्रेस अपनी एकमात्र सीट बरकरार रखने के साथ-साथ अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार शशि हुलिकुंते मठ का मुकाबला भाजपा के के. एम. सुरेश से है। पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई का सामना भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एस. वी. संकनूर से है।

उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर का मुकाबला भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य शशिल जी. नामोशी से है। बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना का सामना जद(एस) के उम्मीदवार ए. पी. रंगनाथ से है।

मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

अनंत सिंह के गढ़ में बवाल तो यूपी में पैसा बांटने वाले 4 गिरफ्तार, बिहार-यूपी-महाराष्ट्र-कर्नाटक में MLC चुनाव के लिए वोटिंग जारी

अनंत सिंह के गढ़ में बवाल तो यूपी में पैसा बांटने वाले 4 गिरफ्तार, बिहार-यूपी-महाराष्ट्र-कर्नाटक में MLC चुनाव के लिए वोटिंग जारी

SEM कोर्ट में आज पेश होंगे सौरव, आशुतोष-अजिंक्य, क्राइम ब्रांच भी करेगी CJP नेताओं से पूछताछ

SEM कोर्ट में आज पेश होंगे सौरव, आशुतोष-अजिंक्य, क्राइम ब्रांच भी करेगी CJP नेताओं से पूछताछ

चीन को लेकर मोदी सरकार पर जयराम रमेश का हमला, सीमा सुरक्षा से व्यापार घाटे तक उठाए सवाल

चीन को लेकर मोदी सरकार पर जयराम रमेश का हमला, सीमा सुरक्षा से व्यापार घाटे तक उठाए सवाल

अरुणाचल सीमा पर चीनी सेना के साथ गतिरोध पर ITBP प्रमुख बोले-यह अवसर भी, 'शौर्य कमांडो' ने दिखाया अपना पराक्रम

अरुणाचल सीमा पर चीनी सेना के साथ गतिरोध पर ITBP प्रमुख बोले-यह अवसर भी, 'शौर्य कमांडो' ने दिखाया अपना पराक्रम

आज की ताजा खबर, 23 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नैनीताल में पहाड़ी से मलबा गिरने से मजदूरों की मौत, दिल्ली में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से मौत...मेडिकल के लिए लाए आरोपी ने महिला डॉक्टर का मारा थप्पड़

आज की ताजा खबर, 23 अक्टूबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: नैनीताल में पहाड़ी से मलबा गिरने से मजदूरों की मौत, दिल्ली में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से मौत...मेडिकल के लिए लाए आरोपी ने महिला डॉक्टर का मारा थप्पड़