बिजनेस

ICICI Bank के ग्राहकों को झटका! 3 बार फ्री के बाद बढ़ेगा चार्ज

ICICI Bank के सेविंग अकाउंट ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। 1 दिसंबर 2026 से कुछ कैश ट्रांजैक्शन के चार्ज बढ़ने वाले हैं। जानिए हर महीने कितनी बार कैश जमा और निकालना फ्री रहेगा और लिमिट पार करने पर कितना शुल्क देना होगा।

Image

ICICI Bank

अगर आपका ICICI Bank में सेविंग अकाउंट है और आप बैंक शाखा में बार-बार कैश जमा करते हैं या निकालते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। बैंक 1 दिसंबर 2026 से सेविंग अकाउंट से जुड़े कुछ कैश ट्रांजैक्शन के चार्ज में बदलाव करने जा रहा है। नए नियमों का असर खासतौर पर उन ग्राहकों पर पड़ेगा, जो हर महीने तय सीमा से ज्यादा नकदी जमा करते हैं या निकालते हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि हर महीने मिलने वाले फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

हर महीने मिलेंगे 3 फ्री कैश ट्रांजैक्शन

नए नियमों के मुताबिक, ग्राहक हर महीने तीन बार फ्री में कैश जमा कर सकेंगे। इसके अलावा, हर महीने तीन बार कैश निकालने की सुविधा भी फ्री रहेगी। यानी कैश जमा करने और निकालने के लिए अलग-अलग तीन-तीन फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। बैंक ने कैश जमा करने और निकालने, दोनों के लिए हर महीने 1 लाख रुपये तक की मुफ्त रकम की सीमा भी रखी है। अगर आप इन सीमाओं के भीतर रहते हैं, तो इस बदलाव से आपके खर्च पर असर नहीं पड़ेगा।

1 दिसंबर से कितना देना होगा चार्ज?

फिलहाल, तय रकम की सीमा पार होने पर कैश ट्रांजैक्शन के लिए हर 1,000 रुपये पर 3.50 रुपये का शुल्क लगता है। 1 दिसंबर 2026 से यह बढ़कर हर 1,000 रुपये पर 4 रुपये हो जाएगा। हालांकि, इस हिसाब से निकलने वाली रकम और न्यूनतम 150 रुपये में से जो ज्यादा होगा, वही शुल्क लागू होगा।

उदाहरण के लिए, अगर महीने में कैश जमा करने की कुल रकम 1.01 लाख रुपये हो जाती है, तो शुल्क 150 रुपये होगा। वहीं, अगर कुल रकम 1.38 लाख रुपये है, तो 4 रुपये प्रति 1,000 रुपये के हिसाब से शुल्क करीब 152 रुपये बनेगा। तय फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या पार करने पर भी 150 रुपये प्रति अतिरिक्त ट्रांजैक्शन का शुल्क लागू हो सकता है। अगर रकम और ट्रांजैक्शन, दोनों की सीमा पार होती है, तो लागू नियमों के अनुसार ज्यादा शुल्क लिया जा सकता है।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

अगर आप बैंक शाखा या कैश रिसाइकलर मशीन के जरिए नियमित रूप से नकदी जमा करते हैं, तो अपने खाते पर लागू चार्ज की जानकारी जरूर लें। कोशिश करें कि जरूरी कैश ट्रांजैक्शन की योजना पहले से बना लें, ताकि अनावश्यक शुल्क न देना पड़े। ध्यान रखें कि ये बदलाव सभी बैंकिंग सेवाओं या UPI भुगतान पर नहीं, बल्कि निर्धारित सेविंग अकाउंट कैश ट्रांजैक्शन पर लागू हैं। अलग-अलग अकाउंट के नियम अलग हो सकते हैं, इसलिए ICICI Bank की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने खाते की शुल्क सूची जरूर जांचें।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article