PM Modi's Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में नेतृत्व के लिए सेशेल्स के सर्वोच्च सम्मान 'गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हरित विकास और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की दिशा में लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया। भारत ने पिछले कुछ वर्षों में जलवायु कार्रवाई, नवीकरणीय ऊर्जा और सतत विकास को लेकर कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय भूमिका निभाई है।
हाल ही में मई 2026 में संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने, कृषि क्षेत्र में बदलाव और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को Agricola Medal से सम्मानित किया था।
पीएम मोदी के साथ हमारी चर्चाएं व्यापक और दूरदर्शी: राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक
सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने कहा, "आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठकें संपन्न करना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारी चर्चाएं व्यापक और दूरदर्शी थीं, जो सेशेल्स और भारत को एकजुट करने वाले गहरे मित्रता और आपसी विश्वास के बंधन को दर्शाती हैं। राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर, हमारे दोनों देशों ने साझा भूगोल, इतिहास और एक स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के लिए सामूहिक दृष्टिकोण पर आधारित साझेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
पीएम मोदी ने अपना सम्मान किसे किया समर्पित?
वहीं, पीएम मोदी ने कहा," हमारे स्नेहपूर्ण स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए मैं राष्ट्रपति हर्मिनी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। इनके द्वारा "Guardians of the Blue Horizon" से सम्मानित किया जाना... मेरे लिए और 140 करोड़ भारतवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। मैं इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए उन सभी देशों को समर्पित करता हूं जो क्लाइमेंट चेंज की चुनौती से लड़ रहे हैं और पर्यावरण संरक्षण को भावी पीढ़ियों के प्रति अपना दायित्व मानते हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, हिन्द महासागर ने सदियों से भारत और सेशेल्स के संबंधों को सींचा है। इसकी लहरों ने हमारे बीच व्यापार, संस्कृति और मानवीय संबंधों को निरंतर पोषित किया है। हम मानते हैं कि हिंद महासागर हमारा साझा घर है। इसकी सुरक्षा, सतत विकास और समृद्धि हमारी साझा जिम्मेदारी है। यही भावना हमारे MAHASAGAR विजन का आधार है।
पीएम मोदी ने कहा कि मेरी सेशेल्स की यात्रा का संदेश स्पष्ट है, भारत ऐसे हिंद महासागर की कल्पना करता है, जहां समुद्री सुरक्षा के साथ आर्थिक समृद्धि भी बढ़े, जहां हमारी साझेदारी आकार नहीं, आपसी सम्मान और विश्वास पर आधारित हो और जहां हम हर देश के पास-पास नहीं, साथ-साथ चलें। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका स्वागत किया।
