देश

'बंगाल के नतीजों ने देशभर के लोगों को दी राहत'; बंगाल चुनाव परिणाम पर जामनगर में पीएम मोदी का बड़ा बयान

गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचने के बाद जामनगर में एक अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी चुनाव का ऐसा प्रभाव शायद ही कभी महसूस किया गया हो। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है और बड़े-बड़े लोग इस पर विचार कर रहे हैं।

Image

जामनगर में पीएम मोदी।

गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जामनगर में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर एक बार फिर तीखी राजनीतिक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के नतीजों ने केवल एक राज्य नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों में अभूतपूर्व राहत की भावना पैदा की है, जिसका मतलब है कि राज्य के लोगों को पीड़ा बहुत अधिक थी।

पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही

गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचने के बाद जामनगर में एक अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी चुनाव का ऐसा प्रभाव शायद ही कभी महसूस किया गया हो। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है और बड़े-बड़े लोग इस पर विचार कर रहे हैं। पीएम ने कहा,'मैंने कई चुनाव लड़े हैं, कई जीते हैं। जीत-हार चलती रहती है। लेकिन पश्चिम बंगाल के चुनाव में सत्ता परिवर्तन के बाद पूरे देश के लोगों ने राहत की सांस ली। इसका मतलब है कि बंगाल के लोगों ने बहुत कष्ट झेले हैं।’

'देशभर में महसूस हुई प्रतिक्रिया'

पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल का यह चुनाव असाधारण रहा। इस परिणाम की चर्चा सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही,बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसे लेकर बातचीत हो रही है।

स्थानीय निकाय चुनावों का उल्लेख

अपने संबोधन में उन्होंने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों का भी जिक्र किया और कहा कि कई जगहों पर भाजपा को बड़ी जीत मिली है। उनके अनुसार यह जनता के विश्वास और समर्थन का संकेत है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इसके परिणाम विशेषज्ञों के लिए इस बात के लिए अध्ययन का विषय बन सकते हैं कि लोग बार-बार एक ही पार्टी को वोट क्यों देते हैं।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्थानीय निकाय चुनाव में शानदार जीत हासिल की, जिसके परिणाम पिछले महीने के अंत में घोषित किए गए थे। भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों और 34 में से 33 जिला पंचायतों में जीत दर्ज की।

पश्चिम बंगाल में ऐसे रहे थे नतीजे

पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके परिणाम चार मई को घोषित किए गए। भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट जीतकर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। तृणमूल कांग्रेस को मात्र 80 सीट मिलीं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article