ऑपरेशन सिंदुर पर संसद में चर्चा के दौरान कांग्रेस के साथ-साथ पूरे विपक्ष की ओर से एक सवाल बार-बार पूछा जा रहा था कि सरकार ने इस ऑपरेशन के दौरान पीओके क्यों वापस नहीं लिया? विपक्ष के इस सवाल का जवाब अब पीएम मोदी ने लोकसभा में दे दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि जो ये सवाल पूछ रहे हैं, वो पहले ये बताएं कि पीओके पाकिस्तान के पास गया कैसे, किसने पीओके पर पाकिस्तान को कब्जा करने दिया।
पीओके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- "कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया है। जो लोग आज पूछ रहे हैं कि पीओके वापस क्यों नहीं लिया गया, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि किसकी सरकार ने पाकिस्तान को पीओके पर कब्जा करने का मौका दिया। जवाब स्पष्ट है। जब भी मैं नेहरू जी का जिक्र करता हूं, कांग्रेस और उसका तंत्र घबरा जाता है... आज तक देश आजादी के बाद लिए गए सभी फैसलों की सजा भुगत रहा है।"
ऑपरेशन सिंदूर पर और क्या-क्या बोले पीएम मोदी
बता दें कि प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि जहां हम कभी नहीं घुस पाए, वहां हम पहुंचे। पाकिस्तान के कोने-कोने में आतंकी अड्डों को धुआं-धुआं कर दिया। हमारे सैनिकों ने आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया। पाकिस्तान की न्यूक्लियर धमकी को झूठा साबित कर दिया। भारत ने पाकिस्तान को समझा दिया कि अब न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी और न ही न्यूक्लियर ब्लैमेलिंग के सामने भारत झुकेगा। भारत ने पाकिस्तान के सीने पर सटीक प्रहार किए और पाकिस्तान के एयरबेस को काफी नुकसान पहुंचाया। आज भी उनके कई एयरबेस आईसीयू में पड़े हैं।
'ऑपरेशन सिंदूर' सफल सिद्ध हुआ- पीएम
उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' सफल सिद्ध हुआ है। पिछले 10 सालों में हमने तैयारी की थी, नहीं तो इस तकनीकी युद्ध में हमारा बड़ा नुकसान होता, जिसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। दुनिया ने 'आत्मनिर्भर भारत' की ताकत पहचानी। 'मेड इन इंडिया' मिसाइलों ने पाकिस्तान के हथियारों की पोल खोल दी। पहले भी आतंकी घटनाएं होती थीं, लेकिन तब आतंकवाद के मास्टरमाइंड निश्चिंत रहते थे कि उन्हें कुछ नहीं होगा, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। अब उन्हें पता है कि अब भारत आएगा और मारकर जाएगा। यह न्यू नॉर्मल भारत ने सेट कर दिया है। हमने सिंदूर से लेकर सिंधु तक, पाकिस्तान पर कार्रवाई की है।
