देश

पटना एयरपोर्ट से लेकर बिहटा हवाई अड्डे तक...आज बिहार को कई योजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी आज से दो दिवसीय दौरे पर बिहार में रहेंगे। पीएम मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए हैं। पटना के पुलिस अधीक्षक (यातायात) अपराजित लोहान के अनुसार वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे और वाहनों को परिवर्तित मार्गों से जाने दिया जाएगा।

Image

पीएम मोदी और बिहार सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो)

Photo : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से यानि कि गुरुवार से बिहार के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी बिहार को कई योजनाओं की सौगात देंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी का यह पहला दौरा है, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी ने बिहार से ही आतंकियों को मिटाने की कसम खाई थी।

पीएम मोदी का बिहार कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार में एक रोड शो करेंगे तथा एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। राज्य विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले हो रही इस यात्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, ‘‘राज्य की राजधानी पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री पार्टी कार्यालय जाएंगे। करीब एक साल में परिसर का यह उनका दूसरा दौरा होगा। वह पिछली बार 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान यहां आए थे। हम मोदी के आभारी हैं...।"

पटना से बिहटा एयरपोर्ट तक पर कार्यक्रम

आधिकारिक सूचना के अनुसार प्रधानमंत्री का विमान शाम को पटना हवाई अड्डे पर उतरेगा। वह लगभग 5.45 बजे ‘‘ नवनिर्मित यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे, जिसे लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है और यह प्रति वर्ष एक करोड़ यात्रियों को सेवाएं प्रदान कर सकता है।’’ आधिकारिक सूचना के अनुसार, ‘‘ वह बिहटा हवाई अड्डे के नए सिविल एन्क्लेव की आधारशिला भी रखेंगे जिसे 1,410 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।’’

गैर राजनीतिक दौरा

हवाई अड्डे से मोदी भाजपा कार्यालय के लिए रवाना होंगे जो करीब तीन किलोमीटर दूर है। वह कई स्थानों पर रुकेंगे जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। जायसवाल ने कहा, ‘‘यह अभिनंदन पूर्णतया गैर-राजनीतिक होगा। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला बिहार दौरा है। बिहार के लोग सैन्य अभियान को लेकर काफी भावुक हैं, क्योंकि इसी धरती पर मोदी ने पहलगाम हमले के दोषियों को दंडित करने की कसम खाई थी।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!