देश

सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी ने शहीद भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से की मुलाकात, ब्रिगेड ग्राउंड में बना स्मारक

PM Modi Meets Families of Slain BJP Workers: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान शहीद कार्यकर्ताओं की याद में स्मारक भी बनाया गया।

Image

पीएम मोदी ने शहीद भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से की मुलाकात

Photo : ANI

PM Modi Meets Families of Slain BJP Workers: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनी और भाजपा विधायक दल के नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) समेत भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे।

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के दौरान हुई थी मौत

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पीएम मोदी (PM Modi) ने उन भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात की, जिनकी पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा के दौरान मौत हो गई थी। इनमें दिवंगत देबाशीष मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिवार शामिल थे। प्रधानमंत्री ने उनके परिजनों से बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी। इस मौके पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उन भाजपा कार्यकर्ताओं की याद में एक स्मारक भी बनाया गया, जिनकी राजनीतिक हिंसा में जान गई थी।

समारोह में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

समारोह में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के बलिदान को कभी नहीं भूलेगी। शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक भी पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत बताया।

सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari Oath) ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास और कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर काम करेगी। उन्होंने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने बदलाव के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक मेहनत की, जिसके बाद पश्चिम बंगाल में भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता मिली है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article